।
सहारनपुर , ग्राम महेश्वरी में वर्षों से अवैध कब्जे में पड़ी सरकारी भूमि को प्रशासन ने मुक्त करा लिया है। यह कार्रवाई ग्राम प्रधान इरशाद अली की पहल पर की गई, जिसे ग्रामीणों का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि यह भूमि लंबे समय से कुछ ग्रामीणों के कब्जे में थी और वहां पर गोबर व कूड़ा-कचरा डाला जाता था। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर तहसील प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर शांतिपूर्वक कार्यवाही करते हुए जमीन को खाली कराया। प्रशासन ने घोषणा की है कि अब इस भूमि पर सरकारी राशन डिपो और एक आरोग्य मंदिर की स्थापना की जाएगी। राशन डिपो के माध्यम से ग्रामीणों को उचित दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, वहीं आरोग्य मंदिर से गांव के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी। ग्राम प्रधान ने कहा कि यह कदम आमजन के हित में है और इससे गांव में स्वास्थ्य व पोषण संबंधी सुविधाएं सुदृढ़ होंगी। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जहां पहले कूड़े का ढेर था, अब वहां जनसेवा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जनहित की जमीनों पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और ऐसी कार्यवाहियां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।

