हल्द्वानी। उत्तराखंड परिवहन निगम की व्यवस्थाएं सुधर नहीं रही हैं। कभी बसों के रास्ते में खराब होने के मामले सामने आते हैं तो कभी चालक-परिचालक के अभद्रता के। इस बार मामला हैरान करने वाला है।
काठगोदाम से बस में 18 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए निकला चालक गजरौला में उस समय शराब पीकर टल्ली हो गया जब यात्री भोजन कर रहे थे। भोजन करके बस में आए यात्रियों ने चालक से चलने को कहा तो वह बस चलाने की हालत में नहीं था। आधी रात को यात्रियों ने अलग-अलग बसें पकड़ी और गंतव्य को रवाना हुए। विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
काठगोदाम डिपो की अनुबंधित बस यूके 04पीए 1972 रोजाना हल्द्वानी-दिल्ली मार्ग में चलती है। बुधवार को रात 10 बजे बस हल्द्वानी से करीब 18 यात्रियों को लेकर रवाना हुई। बस रात करीब डेढ़ बजे गजरौला ढाबे में रूकी। करीब 40 मिनट तक बस गजरौला में रूकी रही। इस बीच यात्री भोजन करने लगे। चालक मौका पाकर शराब पीने के लिए चला गया। यात्री बस में चढ़े तो चालक बोनट पर गहरी नींद सोया हुआ था।

उठते ही वह शराब की हालत में मिला। इसके बाद बस चलाने का प्रयास करने लगा। मगर परिचालक व यात्रियों ने उसे बस चलाने से रोक लिया। हंगामा हुआ। मामला काठगोदाम स्टेशन अधीक्षक तक पहुंच गया। देर रात हल्द्वानी से दिल्ली को जाने वाली अलग-अलग बसों से रास्ते में फंसे यात्रियों को दिल्ली तक रवाना किया गया। वहीं बस को गजरौला में ही खड़ा करा दिया गया है।

गंगा स्नान के कारण लगा जाम

दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हल्द्वानी व दिल्ली से चलने वाली कई बसें गढ़ गंगा में गंगा स्नान के चलते जाम में फंस गईं। बसे निर्धारित समय से दो से तीन घंटे लेट रही। जाम करीब रात दो बजे से सुबह आठ बजे तक रहा। यात्रियों को बस में काफी परेशानी उठानी पड़ीं।

अनुबंधित बसों में चालक निगम का नहीं होता है। परिचालक हमारे विभाग का था। चालक की लापरवाही सामने आने पर मामले में जांच बैठा दी है। नोटिस देकर बस मालिक से जवाब लिया जाएगा। – रघुवीर चौहान, स्टेशन अधीक्षक, काठगोदाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *