गुरुग्राम। पीजी में मैन पावर उपलब्ध कराने वाली कंपनी में काम करने वाली युवती को कंपनी संचालक ने दोस्ती का ऑफर दिया। युवती के ठुकराने और नौकरी छोड़ने की बात कहने पर आरोपित को इतना नागवार गुजरा कि उसने गोली मारने की धमकी दी।
आरोपित ने युवती को धमकाने के लिए चार राउंड हवाई फायरिंग भी की। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया है। मूल रूप से दिल्ली के अशोक नगर की रहने वाली 18 वर्षीय युवती ने सुशांत लोक थाने में दी शिकायत में कहा कि वह सेक्टर 44 कन्हई कॉलोनी में परिवार के साथ एक पीजी में रहती हैं।

दोस्ती के लिए कई बार मना कर चुकी थी युवती

पीजी में मैन पावर उपलब्ध कराने वाली कंपनी में मैनेजमेंट का काम करती हैं। आरोप है कि कंपनी का संचालक व्यक्ति उन पर जबरन दोस्ती का दबाव डाल रहा था। उन्होंने इसके लिए कई बार मना किया।

बुधवार दोपहर जब आरोपित ने इसके लिए दबाव बनाया तो उन्होंने नौकरी छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद रात पौने 11 बजे जब युवती अपनी सहेली के साथ सेक्टर 53 हुडा मार्केट घूमने के लिए गई थी तो आरोपित बाइक से पीछे-पीछे आ गया। पंजाब सिंध बैंक के पास उसने युवती का रास्ता रोकते हुए पूछा कि वह कहां जा रही है।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

जब युवती ने उसके मामलों में हस्तक्षेप करने से मना किया तो वह आग बबूला हो गया। उसने पैंट की जेब से पिस्टल निकाली और सिर के पास सटाकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने हवा में चार राउंड फायरिंग भी की। युवती की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *