स्वामी कल्याणदेव जी को भारत-रत्न देने की माँग
मुज़फ्फरनगर:डॉ कलम सिंह पूर्व विभागाध्यक्ष समाज शास्त्र डी ए वी कॉलेज मुजफ्फरनगर एवं 35 वर्षों तक स्वामी कल्याणदेव जी के प्रखर अनुयायी रहे गांधी पॉलीटेक्निक के पूर्व प्राचार्य रामपाल सिंह जी के नेतृत्व में स्वामी कल्याणदेव युवा विकास समिति मुज़फ्फरनगर के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से एक ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति जी को स्वामी कल्याणदेव जी महाराज को मरणोपरांत भारतरत्न देने की मांग के आशय से प्रेषित किया। जिलाधिकारी महोदय ने भी आश्वासन दिया और कहा कि हमें भी स्वामी जी द्वारा किये गए कार्यो व समाज उत्थान बारे में बहुत कुछ ज्ञान है और हम इसके लिए भरसक प्रयास करेंगे।
डॉ कलम सिंह जी के कहा कि दिवंगत संत पद्म भूषण 1008 वीतराग स्वामी कल्याण देव जी महाराज ने सपूचे उत्तर प्रदेश में अपने जीवन काल में 150 से अधिक शिक्षण संस्थाओं, चिकित्सा संस्थाएँ, अनेको प्रारम्भिक शिक्षण संस्था, कई धार्मिक महत्व की सनातन संस्कृति के मंदिरों का जीर्णोधार वृद्ध आश्रम, गौशाला, कृषि विज्ञान केन्द्रो की स्थापना, हरिजन छात्रावास, पिछड़े वर्गों हेतु छात्रावास आदि का निर्माण कराया तथा हमेशा समाज हित के कार्यों में ही अपना जीवन समर्पित कर दिया।
35 वर्षों तक स्वामी कल्याणदेव जी के आजीवन अनुयायी रहे गांधी पॉलीटेक्निक के पूर्व प्राचार्य रामपाल सिंह जी ने कहा कि 80 वर्षीय मदर टेरेसा को समाज सेवा हेतु भारत रत्न दिया गया था। पूज्य स्वामी जी ने 90 वर्षों से अधिक के कार्यकाल को अपने देश की सेवा में अर्पित किया। आज तक ऐसा संत इस धरा पर नही जन्मा जिसका न कोई घर था न कोई आश्रम था। जहाँ का भोजन उन्होने किया हो। शुकदेव आश्रम शुक्रताल उनके द्वारा स्थापित सबसे बड़ा आश्रम है कभी उन्होने यहां का भी अन्न जल ग्रहण नहीं किया। केवल गरीब किसानो के यहां से प्राप्त भिक्षा का ही भोजन किया। कपड़ो पर न्यून्तम खर्च किया। फटे पुराने कपड़े जो वो पहनते थे आज भी शुक्रताल स्मृति संघालय में रखे है। उन्होंने बताया कि 1982 में उन्हें पद्म श्री पुरस्कार मिला और 2000 में उन्हें पद्म भूषण मिला। उन्हें मेरठ विश्वविद्यालय द्वारा मानद डी. लिट. की उपाधि भी प्रदान की गई ।
स्वामी कल्याणदेव युवा विकास समिति भारत सरकार से प्रार्थना करती है कि 26 जनवरी 2026 को उन्हे भारत रत्न प्रदान कर भारत सरकार अपने आप को सम्मानित करने की कृपा करें।
इस अवसर जय किसान आंदोलन के संस्थापक सदस्य पुष्पेंद्र कुमार, जय किसान आंदोलन के मंडल प्रभारी ओ पी चौहान, जय किसान आंदोलन के मंडल अध्यक्ष वेदपाल गुर्जर, बीजेपी के वरिष्ठ नेता अभिषेक चौधरी गुर्जर, बालक रामजी, सुरेश जी आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

