कानपुर। एलएलआर अस्पताल में ओपीडी का पर्चा न बनने से परेशान व्यक्ति ने पंखे में तार बांधकर जान देने का प्रयास किया। इस दौरान गार्ड और कर्मचारियों ने उसे किसी तरह बचाया और पर्चा बनवाकर डाक्टर को दिखाया जिसके बाद वह घर लौट गया।
जूही परमपुरवा निवासी 55 वर्षीय हरिशचंद्र बुधवार सुबह एलएलआर अस्पताल में खुद को दिखाने आए थे। काफी देर लाइन में लगने के बाद जब उनका नंबर आया तो ऐन मौके पर सर्वर चला गया जिससे हरिशचंद्र का पर्चा नहीं बन सका। इस पर वह गुस्से में आकर चिल्लाने लगे और पंखे के कुंडे से तार के सहारे फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। यह देखकर लोग उसका वीडियो बनाने लगे। शोर सुनकर चौकीदार अशोक और वार्ड ब्वाय अमरनाथ ने हरिशचंद्र को नीचे उतारा। इस दौरान वह उनसे भी भिड़ गए। किसी तरह उनका पर्चा बनवाकर कर्मचारियों ने उन्हें मेडिसिन विभाग में दिखाया जिसके बाद वह घर चले गए।
सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक में नर्सिंग स्टाफ को जड़ा थप्पड़
एलएलआर अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक में बुधवार सुबह एक व्यक्ति ने खुद को हाईकोर्ट का अधिवक्ता बताकर अपने मरीज को इलाज न मिलने का आरोप लगाकर हंगामा किया। इस पर नर्सिंग स्टाफ ने उन्हें चिल्लाने से रोका तो आरोप है कि उसने धक्कामुक्की करते हुए थप्पड़ जड़ दिया। इस पर पीआरओ ने डा. मनीष सिंह को जानकारी दी। एलएलआर चौकी प्रभारी ने बताया कि युवक अधिवक्ता नहीं था। नर्सिंग स्टाफ से भीड़ लगाने को लेकर कहासुनी हुई थी। युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था।

