सलेमगढ़। कस्बा निवासी व महोबा की एसडीएम सल्तनत परवीन का निकाह सोना व्यापारी मुहम्मद रजा खान के साथ बुधवार की रात धूमधाम से संपन्न हो गया। लखनऊ से हेलीकाप्टर से शादी करने आए दूल्हे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए थे। एसडीएम का निकाह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
निकाह को लेकर बीते कई दिनों से तैयारियां चल रहीं थीं। सलेमगढ़ के गेंदा खेली मैदान में हेलीकाप्टर के उतरने के लिए हेलीपैड बनाया गया था। लखनऊ निवासी दूल्हे का हेलीकाप्टर पांच बजे जब यहां पहुंचा तो देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। हेलीकाॅप्टर से उतरे दूल्हे का लोगों ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
वहीं लड़की पक्ष के लोगों ने फूल माला पहना कर अभिवादन किया। एसडीएम के भाई अल्ताफ खान, नसीम खान, फिरोज खान, जावेद खान, दानिस खान, अयान खान आदि ने हैलीपेड पर दूल्हे का भव्य स्वागत किया। स्वागत के लिए परिसर में हाथी, घोड़े व वाद्ययंत्र का भी इंतजाम था।
हेलीपैड से थार गाड़ी से दूल्हे को पुलिस प्रशासन ने अपनी देख रेख में विश्राम स्थल पहुंचाया। लगभग 45 मिनट के पश्चात हेलीकाप्टर वापस चला गया। हेलीकाप्टर जाने के बाद ही भीड़ वहां से हटी। वहीं पांच बजे दूल्हे के आने के निर्धारित समय के तीन घंटे पूर्व यानी दोपहर दो बजे से ही गेंदा खेली मैदान में लोग जुटने शुरू हो गए थे।
इसमें महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे आदि प्रमुख रहे। एसडीएम सल्तनत परवीन के पिता शमीम खान ने बताया कि रात आठ बजे के बाद निकाह संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *