फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जनपद में विष्णु कॉलोनी में एक नर्स की उसके पति व देवर ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भेज दिया है।

ढाई साल से किराए पर रहती थी प्रियंका

होडल गढ़ी पट्टी के रहने वाले तोताराम ने बताया कि उसकी बेटी की शादी भिड़ूकी के रहने वाले लख्मीचंद के साथ हुई थी। बेटी प्रियंका नर्स थी। वह पिछले ढाई साल से विष्णु कॉलोनी में किराए पर रहती थी। प्रियंका और लख्मीचंद के बीच कुछ समय से मतभेद चल रहे थे। उनके दोनों बच्चे भी फिलहाल ननिहाल होडल गढ़ी पट्टी में हैं।

पिता तोताराम ने पुलिस को दी सूचना

बताया गया कि बुधवार को प्रियंका का सुबह 11 बजे से ही मोबाइल फोन बंद था। जब रात तक भी संपर्क नहीं हुआ तो वह होडल से चलकर बल्लभगढ़ आ गए। तोताराम ने प्रियंका के लापता होने के बारे में थाना आदर्श नगर पुलिस को सूचना दे दी।

पति और देवर पर लगाया हत्या का आरोप

पुलिस ने लापता की शिकायत लेकर मौके पर जाकर देखा तो प्रियंका की चाकू से गोदकर हत्या की हुई थी। तोताराम का कहना है कि उसकी बेटी की हत्या पति लख्मीचंद, देवर भगत सिंह और सास सुनीता ने मिलकर की है।

थाना प्रभारी का क्या कहना?

उधर, थाना आदर्श नगर प्रभारी हरिकिशन का कहना है कि उन्होंने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मृतक को पोस्टमॉर्टम कराने के लिए बादशाह खान अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमॉर्टम आज होगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *