महिला और उसका प्रेमी सोमवार को धनघटा स्थित बाबा दानीनाथ मंदिर पहुंचे, जहां दोनों ने फेरे लिए। इस दौरान गांव के कई लोगों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन महिला अपने फैसले पर अड़ी रही। अंतत: यह तय हुआ कि दोनों बच्चे अपने पिता के साथ ही रहेंगे। जब महिला नए पति के साथ जाने लगी, तो उसके बच्चों की रोने की आवाज ने मौके पर मौजूद लोगों को द्रवित कर दिया।
पति व दो बच्चों को छोड़ महिला के प्रेमी के साथ शादी रचाने पर उठे सवाल
एक गांव की महिला द्वारा दो दिन पूर्व अपने पति व दो मासूम बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ शिव मंदिर पर शादी रचाने पर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। इस पर सवाल उठ रहे हैं। क्या एक महिला इतनी कठोर हो सकती है, इस पर मंथन करने की आवश्यकता है। बदलते परिवेश के बीच ऐसा घृणित कार्य से समाज में गलत संदेश जा रहा है।
धनघटा थाना के एक गांव के युवक की शादी वर्ष 2017 में गोरखपुर जिले के एक गांव में हुई थी। महिला दो बच्चों की मां बनी। जिनकी उम्र करीब दो व सात वर्ष है। महिला का पति घर पर रहकर मेहनत-मजदूरी करता है। गांव वालों का कहना है कि करीब एक वर्ष पहले महिला और गांव निवासी एक युवक के बीच प्रेम पनपने लगा। मार्च-2025 तक इनका प्रेम परवान चढ़ गया। महिला नौ दिन पूर्व अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई थी। उसकी तलाश में उसके परिजन लगे रहे।
गत सोमवार की सुबह वह अपने प्रेमी के साथ घर पहुंची। प्रेमी से शादी करने की बात कहने लगी। इस पर गांव के लोगों ने दोनों को काफी समझाया-बुझाया लेकिन वह नहीं मानी। अंत में प्रेमी और प्रेमिका अपने स्वजन के साथ धनघटा स्थित बाबा दानीनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ को साक्षी मानकर एक-दूसरे के गले में जयमाल डालकर शादी कर ली। इस बीच यह भी निर्णय हुआ कि दोनों बच्चे अपने पिता के साथ रहेंगे। मां को बिछड़ते देख दोनों बच्चे बिलख रहे थे लेकिन प्रेम में अंधी हुई महिला के ऊपर इसका कोई असर नहीं पड़ा।