उन्नाव। बांगरमऊ क्षेत्र में चचेरे भाइयों में शनिवार देर रात कहासुनी हो गई। इसी बीच एक भाई की हालत अचानक बिगड़ने से मौत हो गई। स्वजन ने हार्ट अटैक से मौत की संभावना जताई। चीख पुकार के बीच विवाद करने वाले दूसरे चचेरे भाई ने भी घर में रस्सी लटककर जान दे दी। पुलिस ने दोनों शव एक साथ पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। किसी भी पक्ष ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
बांगरमऊ क्षेत्र के छतरपुर कोलिया निवासी 32 वर्षीय सुधीर पुत्र गंगा प्रसाद दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। होली त्योहार पर तीन दिन पहले दिल्ली से गांव लौटा था। शनिवार देर रात चचेरे भाई 25 वर्षीय अनूप पुत्र पप्पू से उसकी मामूली कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद सुधीर के सीने में अचानक दर्द उठा और वह गिर गया। स्वजन उसे लेकर मदार नगर गांव स्थित एक नर्सिंग होम ले गए, जहां से सीएचसी भेज दिया गया।

डॉक्टर ने मृत किया घोषित

डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। विश्वास न होने पर स्वजन उसे लेकर कानपुर जिले बिल्हौर कस्बे के एक नर्सिंगहोम ले गए, वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी। इधर सुधीर की मौत की सूचना गांव पहुंचते ही अनूप डर गया और घर के अंदर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। एक ही परिवार में अचानक दो मौत हो जाने से स्वजन में चीत्कार मच गई। पुलिस ने दोनों शव एक साथ पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

दिवंगत अनूप अविवाहित था और चार भाई व तीन बहनों में दूसरे नंबर का था। गांव में मजदूरी कर अपना पेट पालता था। वहीं सुधीर पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। होली में तीन दिन पहले ही गांव आया था। मौत से पत्नी पूजा और दो मासूम बेटे व एक बेटी समेत अन्य स्वजन बेहाल हैं। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जायेगी।

विवाद के बाद हार्ट अटैक से मौत

अजगैन क्षेत्र के जनसार गांव के मजरे छेड़ा निवासी रामस्वरूप के बेटे सुखलाल व गजराज अन्य रिश्तेदारों के साथ होली त्योहार पर शुक्रवार दोपहर घर पर ही पार्टी कर रहे थे। तभी जगन्नाथ अपने ई-रिक्शा से खेत से बरसीन लेकर गांव आ रहा था। सुखलाल ने अपनी बाइक उसके ई-रिक्शा के आगे लगा दी। इससे दोनों में विवाद हो गया। उधर सुखलाल व उसके भाई गजराज के बीच नशेबाजी को लेकर जमकर विवाद हो गया। रामस्वरूप बचाने पहुंचा तो उसे हार्ट अटैक पड़ गया और उसकी मौत हो गई। सुखलाल और उसके भाई गजराज के बीच पथराव होने पर पड़ोसी धीरेंद्र झगड़ा रुकवाने पहुंचा तौ एक ईंट उसके सिर पर लग गई और उसकी मौत हो गई। मारपीट में धीरेंद्र का भाई सनेही, पिता रामनाथ और मां विनीता घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *