गुरुग्राम। शहर की सरकार किसके हाथ में होगी, यह फैसला आज हो जाएगा। निकाय चुनाव के तहत दो मार्च को हुए मतदान की गणना बुधवार को सभी केंद्रों पर होगी। निकाय चुनाव के अंतर्गत जिले के पांचों निकाय क्षेत्रों में मतगणना बुधवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है।
मंगलवार को सभी निकाय क्षेत्रों में संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों ने मतगणना कर्मियों को अंतिम प्रशिक्षण दिया। वोटों की गिनती बुधवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी। सबसे पहले मेयर और चेयरमैन प्रत्याशियों के वोटों की गणना होगी।

गुरुग्राम में आमने सामने की टक्कर

नगर निगम गुरुग्राम के मेयर पद को लेकर भाजपा एवं कांग्रेस दोनों ने ही पंजाबी कार्ड खेला है। भाजपा से मेयर पद की प्रत्याशी पूर्व जिलाध्यक्ष तिलकराज मल्होत्रा की पत्नी राजरानी मल्होत्रा हैं। उनके सामने कांग्रेस ने पूर्व पार्षद सीमा पाहूजा को मैदान में उतारा है।

दोनों प्रत्याशियों की शहर में अच्छी पहचान है। दोनों एक ही इलाके के रहने वाले हैं। चुनाव के दौरान दोनों प्रत्याशियों ने जोर-शोर से अपने-अपने मुद्दे उठाए। जहां भाजपा प्रत्याशी ने ट्रिपल इंजन के नाम पर वोट मांगे तो कांग्रेस प्रत्याशी ने शहर में जमीनी स्तर पर विकास कराने के मुद्दे उठाए थे। इससे दोनों ही प्रत्याशियों में आमने सामने की टक्कर है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार ने पांचों निकाय क्षेत्र से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया कि सोहना नगर परिषद में उपचुनाव के तहत चेयरमैन पद के लिए मतगणना का कार्य सोहना स्थित राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के हाल नंबर दो में संपन्न कराया जाएगा।
यहां रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम संजीव कुमार की देखरेख में 21 वार्डों के 47 बूथों की मतगणना के लिए आठ टेबल लगाई गई हैं। नगर परिषद पटौदी जाटौली मंडी में पार्षद व चेयरमैन पद के लिए मतगणना का कार्य जाटौली कालेज स्थित टैगोर ऑडिटोरियम में होगा।
यहां रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम दिनेश लुहाच की देखरेख में 22 वार्डों के 45 बूथों की मतगणना के लिए 14 टेबल लगाई गई हैं। नगर पालिका फरुखनगर में मतगणना का कार्य राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की लाइब्रेरी में होगा। यहां रिटर्निंग अधिकारी एवं जिला परिषद के सीईओ जगनिवास रहेंगे।
16 वार्डों के 16 बूथों की मतगणना के लिए आठ टेबल लगाई गई हैं। मानेसर नगर निगम मेयर व पार्षद पद के लिए मतगणना का कार्य मानेसर स्थित एचएसआइआइडीसी के सेक्टर एक में कम्युनिटी सेंटर हाल होगा। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम दर्शन यादव के निर्देशन में 20 वार्डों के 96 बूथों की मतगणना के लिए 16 टेबल लगाई गई हैं।

88 टेबल पर मतगणना

जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगर निगम गुरुग्राम के 36 वार्डों के 905 बूथों की मतगणना प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम गुरुग्राम के मेयर व निगम पार्षद पद के लिए मतगणना का कार्य सेक्टर 14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में होगा।
एडीसी हितेश कुमार मीणा नगर निगम गुरुग्राम के रिटर्निंग अधिकारी हैं। निगम के 36 वार्डों को 6 सहायक रिटर्निंग अधिकारी में विभाजित कर प्रत्येक एआरओ को छह वार्ड अलाट किए गए हैं। वार्ड 1 से 6 तक 149 बूथों की मतगणना के लिए 14 टेबल लगाई गई हैं।
एआरओ एवं जीएम रोडवेज भारत भूषण गोगिया के देखरेख में यह मतगणना का कार्य कामर्स ब्लाक के ग्राउंड फ्लोर के कमरा संख्या 102 व 103 में होगा। वार्ड 7 से 12 के 132 बूथों की मतगणना के लिए 14 टेबल लगाई गई हैं।यह मतगणना मल्टी पर्पस हाल में होगी।
इसी हाल में वार्ड 13 से 18 के 128 बूथों की मतगणना के लिए 16 टेबल लगाई गई हैं। वार्ड 19 से 24 के 181 बूथों की मतगणना के लिए 14 टेबल लगाई गई है। इनकी गिनती कामर्स ब्लाक के कमरा संख्या 53-54 में पूरी की जाएगी। वार्ड 19 से 24 के लिए बादशाहपुर के एसडीएम अंकित चोकसे को एआरओ लगाया गया है।
वार्ड 25 से 30 के 146 बूथों की गिनती के लिए 14 टेबल लगाई गई हैं। यह मतगणना का कार्य न्यू कामर्स ब्लाक में फर्स्ट फ्लोर पर कमरा संख्या 106-107 में पूरा किया जाएगा। वार्ड 31 से 36 के 169 बूथों की गिनती के लिए 16 टेबल लगाई गई हैं। एआरओ एवं डिस्टिक रजिस्टार फर्म एंड सोसाइटी लोकेश की देखरेख में यह कार्य बाटनी डिपार्टमेंट के कमरा संख्या 112 में पूरा करवाया जाएगा।

मेयर व चैयरमेन के मतों की पहले की जाएगी गणना

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतगणना का पूरा कार्य सुगम व सरल तरीके से संपन्न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए पांचों निकाय क्षेत्रों में मेयर अथवा चैयरमेन पद के मतों की गणना पहले की जाएगी।
इसके बाद पार्षद पद के मतों की काउंटिंग होगी। सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। जिलाधीश अजय कुमार ने पांचों निकाय क्षेत्रों में 12 मार्च के दिन मतगणना संपन्न होने तक भारतीय नागरिक सुरक्षा सहिंता 2023 की धारा 163 लगाने के आदेश दिए हैं।
साथ ही कहा गया कि संबंधित निकाय क्षेत्र व उसके तीन किलोमीटर की परिधि में बुधवार को मतगणना के दिन सभी शराब की दुकानें, होटल, रेस्तरां, क्लब और शराब बेचने वाले अन्य प्रतिष्ठानों को शराब बेचने की अनुमति नहीं होगी।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

  • मतगणना को लेकर बुधवार को सेक्टर 14 राजकीय कन्या महाविद्यालय वाले रास्ते से यातायात को डायवर्ट किया गया है।
  • आइसा चौक सर्विस रोड से दिल्ली की ओर जाते समय 32 माइलस्टोन से बाएं मुड़कर स्कोडा शोरूम से होते हुए आइटीआई चौक रेड लाइट वाले रास्ते को सुबह पांच से रात 12 बजे तक बंद किया गया है।
  • इस ओर जाने वाले वाहन चालक गंतव्य स्थान पर जाने के लिए दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *