नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल शनिवार को अधिकांश समय कोहरे में घिरी। मौसम सामान्य बना रहा। वीकेंड पर सैलानियों की आमद बढ़ने से रौनक रही। पर्यटक वाहनों से शहर की माल रोड सहित अन्य मुख्य स्थानों पर जाम लगा, जिसे खोलने को पुलिस की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
नगर बादलों के साथ कोहरे का आना दोपहर से शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा। घने बादलों के कारण वर्षा की उम्मीद जग रही थी, लेकिन मौसम शुष्क बना रहा। हालाकि शाम के समय खासी ठंड महसूस हुई। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक डॉक्टर बिक्रम सिंह के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
13 मार्च से मौसम में बदलाव आएगा। जिसके चलते हल्की बारिश की संभावना रहेगी। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता अधिकतम 85 व न्यूनतम 50 प्रतिशत रही।

पर्यटक वाहनों से लगा जाम

शहर में वीकेंड सैलानियों की आमद बढ़ने से रौनक रही। नगर के पर्यटन स्थलों में पूरे दिन सैलानियों की आवा जाही रही। चिड़ियाघर, टिफिटॉप, वॉटर फाल, केव गार्डन व बॉटनिकल गार्डन में रौनक रही। पर्यटक वाहनों के बढ़ने से यातायात भी प्रभावित रहा। पर्यटकों की भीड़ से होटल-रेस्टोरेंट सहित अन्य पर्यटन कारोबार में तेजी आ गई। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पीआरओ रुचिर साह के अनुसार होली पर अधिकांश होटलों में 50 प्रतिशत से अधिक एडवांस बुकिंग हो चुकी है। होली में पर्यटकों की भीड़ उमड़ना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *