लक्सर। जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित पांच – पांच हजार के इनामी फरार चल रहे दो लोगो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने 5 फरवरी को लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन की शादी लक्सर कोतवाली के एक गांव में हुई है।
विगत वर्ष अक्तूबर माह में उसके बच्चों को चेचक हुआ था। इस पर उसके जीजा ने बताया था कि उनके गांव के पास ही एक गांव में चेचक बीमारी दूर करने के लिए एक व्यक्ति झाड़ फूंक करता है। जिस पर वह अपनी पत्नी और बच्चों को अपने जीजा के घर ले गया।
पत्नी और बच्चों को घर पर छोड़ने के लिए कहा
झाड़ फूंक करने वाले व्यक्ति ने उन्हें तीन दिनों तक लगातार झाड़ फूंक कराने को कहा। जिस पर उसके जीजा ने कहा कि वह पत्नी और बच्चों को उनके घर पर ही छोड़ दे। ईलाज के तीन दिन बाद वह उन्हें वापस घर भिजवा देगा। इस पर वह पत्नी और बच्चों को जीजा के घर छोड़कर अपने घर वापस आ गया। आरोप है कि रात के समय जीजा जूस लेकर आया और उसकी पत्नी व सभी घरवालों को जूस पिला दिया।
जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया
आरोप है कि जूस में नशीला पदार्थ मिला था। जूस पीने के बाद उसकी पत्नी बेहोश हो गई। इसके बाद जीजा ने उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल में अश्लील फोटो व वीडियो बना लिये। तीन दिन बाद उसके जीजा ने पत्नी व बच्चों को घर भेज दिया। करीब दो सप्ताह पहले जीजा के ममेरे भाई की उसकी पत्नी के पास कॉल आई।
अश्लील फोटो भेजी
बताया कि उसका अश्लील फोटो और वीडियो उसके पति के जीजा ने उसे भेजी है। जिस पर वह जीजा के घर गया और इसका विरोध किया तो जीजा द्वारा उसे धमकी दी गई कि यदि उसने मामले की शिकायत पुलिस से की तो वह उसकी पत्नी के फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर देगा। मामले मे मुकदमा दर्ज कर सात फरवरी को आरोपित साहिब निवासी मतलबपुरा कोतवाली लक्सर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
पांच हजार का इनाम किया था घाेषित
मामले की जांच के चलते मेहरुद्दीन निवासी गढ़ी संघीपुर तथा सैयद निवासी घोसीपुरा थाना पथरी के घटना में शामिल होने का खुलासा हुआ था। आरोपित वारदात के बाद से ही फरार चल रहे थे। जिन पर पांच-पांच हजार का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अलग-अलग ठिकाने बदलकर रह रहे थे। गुरुवार की रात्रि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उनके एक ठिकाने पर दबिस देकर गिरफ्तार कर लिया गया। लक्सर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथान ने बताया कि न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपितों को जेल भेजा गया है।

