गुलदार को देख परिवार के लोग घबरा गए और जान बचाने के लिए घर के भीतर की ओर भागे। वहीं, गुलदार से टक्कर लेने के दौरान कुत्ता जख्मी भी हो गया। उसके गले और पीठ में गुलदार के दांत लगे हैं।
गुलदार के हमले से दहशत में हैं लोग
नगर में आए दिन गुलदार के हमले सामने आ रहे हैं। गांव के लोग रातभर कनस्तर बजाकर गुलदार को भगा रहे हैं। दान सिंह ने बताया कि घर में छोटे बच्चे हैं। महिलाएं तथा बुजुर्ग भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वन विभाग को भी सूचित किया गया है।
लोगों को बरतनी होगी सावधानी
सभासद कैलाश आर्य, कमला देवी, कुंदन गिरी, जगदीश, उमा देवी, नीमा देवी ,चंपा देवी, धनुली देवी आदि ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है। इधर, एसडीओ सुनील कुमार ने कहा कि ट्रैप कैमरा लगाया जाएगा। गश्त बढ़ा दी गई है। लोगों को भी सावधानी बरतनी है।
घर के समीप गुलदार ने गाय को बनाया निवाला, दहशत
उधर, अल्मोड़ा के हवालबाग ब्लॉक के पणकोट समेत आसपास गुलदार का आतंक बना हुआ है। इससे ग्रामीणों में खौफ है। बीते बुधवार सुबह घर से 100 मीटर दूरी पर गुलदार ने पणकोट गांव निवासी अमृता देवी के गाय को निवाला बना दिया। सुबह-सुबह ही गुलदार के आबादी क्षेत्र में गाय को निवाला बनाने से ग्रामीणों में खौफ है। ग्रामीणों ने शीघ्र गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

