राजनश्री और पुत्रवधू गांव में रहते थे
करहल थाना क्षेत्र के गांव लदपुरा निवासी 52 वर्षीय राजनश्री का पुत्र नीरज दिल्ली में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। गांव राजनश्री और उनकी पुत्रवधू रहते थे। जिनमें आए दिन होने वाले विवाद के कारण नीरज कुछ दिन पूर्व अपनी पत्नी को दिल्ली ले गया था। होली के त्योहार को लेकर दो दिन पूर्व नीरज और उसकी पत्नी घर आए थे। जहां सोमवार को सास-बहू में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। स्वजन ने किसी तरह दोनों को शांत कराया।
रात में निकली राजनश्री
रात में सभी स्वजन खाना खाने के बाद सोने के लिए चले गए, लेकिन राजनश्री ने खाना नहीं खाया और रात 11 बजे के करीब वह घर में रखी डीजल की केन उठाकर पशुओं के बाड़े में पहुंची। जहां उपलों के बिटोरा में डीजल डालकर आग लगा दी और खूद उसमें कूद गईं। आग की जानकारी होते ही स्वजन भी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। जहां किसी तरह आग को बुझाकर उन्हें बिटोरा से बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां जांच के बाद डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बहू से होता रहता था विवाद
घटना की जानकारी पाकर सीओ करहल अजय सिंह चौहान पुलिसबल के साथ अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पर रखवाया। वहीं पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे स्वजन का कहना था कि मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनका आए दिन बहू से विवाद होता रहता था।

