गोरखपुर। नकहा ओवरब्रिज से रामजानकी नगर चौराहा होते हुए हड़हवा फाटक तक की सड़क चौड़ी की जाएगी। त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत यह निर्माण कराया जाएगा। शासन से इस प्रस्ताव को प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति मिलने के साथ ही धन भी अवमुक्त कर दिया गया है।
सड़क से जुड़ी कालोनियों की जलनिकासी का ध्यान रखते हुए जिन स्थानों पर नाला नहीं है, वहां नाले का निर्माण भी किया जाएगा। इस सड़क के बनने से आसपास के क्षेत्रों की बड़ी आबादी को जाम से राहत मिलेगी।
नकहा ओवरब्रिज से रामजानकी नगर चौराहा होते हुए हड़हवा फाटक तक 2550 मीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण पर 12 करोड़ 48 लाख 36 हजार रुपये खर्च होंगे।
नकहा ओवरब्रिज से रामजानकी नगर चौराहा होते हुए हड़हवा फाटक तक 2550 मीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण पर 12 करोड़ 48 लाख 36 हजार रुपये खर्च होंगे।
फाटक रोड तक बनाई जाएगी सीसी सड़क
नगर निगम के अधिशासी अभियंता अशोक भाटी ने बताया कि नकहा पुल मुख्य मार्ग से रेलवे क्रासिंग तक सड़क हाट मिक्स प्लांट से बनाई जाएगी। इसके आगे रेलवे क्रासिंग से रामजानकी नगर मुख्य चौराहा, शिवनगर कालोनी होते हुए हड़हवा फाटक रोड तक सीसी सड़क बनाई जाएगी।
निर्माण के दौरान 2550 मीटर लंबाई में वाटर सप्लाई पाइप लाइन शिफ्ट की जाएगी। स्ट्रीट लाइट केबिल के लिए यूटीलिटी डक्ट का निर्माण होगा। स्ट्रीट लाइट भी शिफ्ट होगी। जलनिकासी के आरसीसी नाली भी बनाई जाएगी। सड़क निर्माण के लिए नगर निगम की ओर से ई-टेंडर जारी कर दिया गया है।

