बुलंदशहर। शादी समारोह से लौट रहे अमरोहा निवासी एक परिवार की ऑल्टो कार मंगलवार तड़के एक रजवाहे में पलट गई। गुलावठी थाना क्षेत्र में दुर्घटना में दो किशोर और एक किशोरी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक अमरोहा जनपद की सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला नसीर निवासी परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला गांव में अपनी रिश्तेदारी में आए थे। शादी समारोह से परिवार ऑल्टो कार से मंगलवार तड़के वापस अमरोहा आ रहा था।

ऑल्टो कार में सवार थे पांच लोग

गुलावठी थाना क्षेत्र के पितवास रजवाहे के पास बच्चे को बचाने के चक्कर में ऑल्टो कार रजवाहे में गिर गई। हादसे में 45 वर्षीय निपेंद्र पुत्र मलखान सिंह और 10 वर्षीय हर्ष पुत्र जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय वंश पुत्र निपेंद्र और 15 वर्षीय वंशिका पुत्र पवन कुमार को जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने वंश और वंशिका को मृत घोषित कर दिया। कार में कुल पांच लोग सवार थे।

एक व्यक्ति का अस्पताल में चल रहा है इलाज

कार सवार पांचवें व्यक्ति 39 वर्षीय कन्हैया का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम भिजवा दिया है। पुलिस ने स्वजन को भी सूचना दे दी है। गुलावठी कोतवाली प्रभारी सुनीता मलिक का कहना है कि मरने वाले सभी एक ही परिवार के हैं। चारों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *