एक्सप्रेसवे पर पहुंचे डीआईजी कलानिधि नैथानी
सोमवार को डीआईजी कलानिधि नैथानी ने एक्सप्रेसवे पर पहुंचकर जायजा लिया। उसके बाद एसपी यातायात राघवेंद्र मिश्रा को एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहन और विपरीत दिशा में चलने वाले वाहनों को रोकने की प्लानिंग मांगी। साथ ही दोपहर को ही यातायात पुलिस की एक टीम भी एक्सप्रेसवे पर लगा दी।
एक लाख 25 हजार रुपये का काटा चालान
टीम ने दो बाइकों का 20-20 हजार का चालान किया, जबकि बिना नंबर की एक बाइक का 25 हजार का चालान काटा। पुलिस को देखते ही कुछ बाइक सवार वापस ही लौट गए। वहीं, रात नौ बजे एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा एक्सप्रेसवे पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों की रात में भी ड्यूटी लगाकर तीन दोपहिया वाहनों के 20-20 हजार रुपये के चालान किए।
…तो पुलिसकर्मियों पर भी होगी कार्रवाई
एक्सप्रेसवे से बाइक पर सवार होकर जाने वाले पुलिसकर्मियों की विभागीय जांच खोली जाएगी। डीआईजी ने बताया कि यदि कोई पुलिसकर्मी एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहन से यात्रा करता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मेरठ या आसपास के अन्य जनपदों में तैनात पुलिसकर्मी एक्सप्रेसवे से जाते हैं, तब उनके एसएसपी को पत्र लिखकर विभागीय जांच कराई जाएगी। ताकि उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई हो सके। पुलिस के साथ-साथ टोल का स्टाफ भी दोपहिया वाहनों को रोकने के लिए लगाया जाएगा।

