चंडीगढ़। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता करण सिंह दलाल ने राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय को पत्र लिखकर शहरी निकाय चुनाव में राज्य चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के प्रति संदेह व्यक्त किया है।
कांग्रेस के गुरुग्राम जिले के प्रभारी करण सिंह दलाल ने पत्र में उत्तराखंड का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वहां शहरी निकाय चुनाव बैलेट पेपर से हो सकते हैं तो हरियाणा में कांग्रेस की इस मांग को क्यों स्वीकार नहीं किया जा सकता।

राज्यपाल को पत्र लिख जाहिर की आशंका

हरियाणा में रविवार को शहरी निकाय चुनाव हो रहा है। मतदान से एक दिन पहले कांग्रेस ने राज्यपाल को पत्र लिखकर राज्य चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के प्रति आशंका जाहिर की है। कांग्रेस नेता करण सिंह दलाल और अशोक बुवानीवाला ने कहा कि कांग्रेस की मांग को यह कहकर अस्वीकार कर दिया गया कि चुनाव आयोग के पास पर्याप्त वीवीपैट मशीनें नहीं हैं।

‘वीवीपैट मशीनें लगाने को तैयार नहीं है आयोग’

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अपनी जिद के चलते ईवीएम से तो चुनाव करवा रहा है, लेकिन उन पर भी वीवीपैट मशीनें लगाने को तैयार नहीं है। वीवीपैट के माध्यम से कोई भी मतदाता यह देख सकता है कि उसने जिस भी उम्मीदवार को वोट दिया, क्या वह सही ढंग से पोल हुआ है। ऐसा नहीं करने से राज्य चुनाव आयोग की मंशा पर संदेह अधिक बढ़ गया है।

राज्य चुनाव आयुक्त ने कही ये बात

राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। जिन स्थानों पर आम चुनाव हैं, वहां मतदान केंद्रों पर दो इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन रखी जाएंगी।

एक ईवीएम पर पार्षद पद के लिए वोट डाला जाएगा, जबकि दूसरी ईवीएम पर मेयर या फिर नगर परिषद-पालिका के प्रधान पद के लिए वोट डाला जा सकेगा।

जिन निकायों में उपचुनाव है, वहां सिर्फ एक ईवीएम से ही वोट डलवाए जाएंगे। निगमों में मेयर तथा नगर परिषदों में चेयरमैन और नगर पालिकाओं में अध्यक्ष का प्रत्यक्ष चुनाव होगा।

वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह

हरियाणा के 40 नगर निकायों में आज मतदान हो रहा है। 32 जगहों पर आम चुनाव और 8 जगहों पर उपचुनाव हो रहे हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। वहीं मतगणना 12 मार्च को होगी। इस बार के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। कुछ जगहों पर त्रिकोणीय मुकाबला भी है।

निकाय चुनाव के लिए हो रहे मतदान के लिए वोटर्स में का उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग सुबह से ही भारी संख्या वोट डालने पोलिंग बूथ पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *