गाजियाबाद। प्रदेश सरकार के बजट में शामिल घोषणाओं से एनसीआर के चार जिलों गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, हापुड़ में विकास के पहिये को गति मिलेगी। खासकर सड़कों के निर्माण से उद्योगों की राह आसान होगी।
गाजियाबाद, बुलंदशहर में रिंग रोड, हापुड़ को गंगा एक्सप्रेस-वे के विस्तार का लाभ मिलेगा, जबकि गौतमबुद्ध नगर में आईटी के क्षेत्र में घोषणाओं से उद्योगों के बढ़ने की संभावना है। प्रदेश सरकार ने 1,200 करोड़ के बजट से रिंग रोड व सड़कों के लिए घोषणा की है।

शिकारपुर से अनूपशहर को जोड़ने की तैयारी

इसके तहत गाजियाबाद में नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड का निर्माण होगा। गाजियाबाद से लोनी को सीधे जोड़ने के लिए 20 किमी लंबी नार्दर्न पेरिफेरल रोड बनाई जा रही है। इसका सीधा लाभ उद्योग जगत को मिलेगा। इसी तरह से बुलंदशहर में भी 400 करोड़ से रिंग रोड का निर्माण शुरू हो सकेगा। इसके पहले चरण में शिकारपुर से अनूपशहर को जोड़ने की तैयारी है।

डाटा सेंटर में निवेश की गति हाे सकती है और तेज

वहीं डाटा सेंटर, लाजिस्टिक पार्क, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब के रूप में विकसित करने को ‘एआइ सिटी व साइबर सिक्योरिटी में टेक्नोलाजी रिसर्च ट्रांसलेशन पार्क की स्थापना को बजट में शामिल किया गया है। गौतमबुद्ध नगर डाटा सेंटर क्षेत्र में निवेश के लिए निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है। आठ नए डाटा सेंटर की प्रदेश सरकार की घोषणा से गौतमबुद्ध नगर में डाटा सेंटर में निवेश की गति और तेज हाे सकती है।

टप्पल में प्रस्तावित मल्टीमाडल लाजिस्टिक पार्क, ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित मल्टीमाडल लाजिस्टिक पार्क के लिए सड़क समेत आधारभूत ढांचे के काम को गति मिलेगी। इन पार्कों की स्थापना से निवेश के साथ लाखों लोगोंं के लिए रोजगार सृजन जुड़ा हुआ है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब व साइबर टेक्नोलाजी रिसर्च ट्रांसलेशन पार्क की स्थापना की घोषणा से गौतमबुद्ध नगर में निवेश के लिए एक नया क्षेत्र खुल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *