लखनऊ। विधानसभा में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान बुधवार को विधानसभा में सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गंगा को इवेंट मैनेजमेंट का केंद्र बना दिया है। गंगा का पानी आचमन के योग्य नहीं रह गया है।

2025 में इस सरकार ने नाकामी की गंगा बहाई है। सरकार गंगा जल हाथ में ले और सच बोले। हालत यह है कि मंहगाई कमर तोड़ रही है। सिर्फ बातों से पेट नहीं भरता है सरकार को यह समझना होगा। शिवपाल ने कहा कि अभिभाषण में सिर्फ उपलब्धियों का बखान है। सरकार की आत्म प्रशंसा है। प्रदेश सरकार जुमले गाने में माहिर है।

सरकार ने नहीं क‍िए कोई ठोस काम

उन्‍होंने कहा क‍ि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस काम नहीं क‍िए गए हैं। अर्थव्यवस्था चरमरा रही है। बेरोजगारी दर लगातार बढ़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि इतनी सांप्रदायिक सरकार प्रदेश में कभी नहीं रही है।

आस्था के नाम पर अव्यवस्था का महाकुंभ

गरीबों को नफरत की आग में झोंककर सरकार में बैठे लोग सत्ता का सुख भोग रहे हैं। भाजपा सरकार का सबका साथ-सबका विकास का नारा बेईमानी है। किसान खेती की लागत से कम दाम पर अपनी फसल बेचने को मजबूर हैं। महाकुंभ आस्था के नाम पर अव्यवस्था का महाकुंभ बन गया है। यह जनता के लिए विनाशकारी बन गया है।

सनातनियों को डेंगू, मलेरिया कह रहा वि‍पक्ष

शलभ मण‍ि ने कहा क‍ि जिस तरह सनातन को मानने वाले महाकुंभ में पहुंच रहे हैं, ऐसे में विपक्ष द्वारा सनातनियों को डेंगू, मलेरिया कहा जा रहा है। ऐसा कहने वाले जल्द ही मथुरा में कारसेवा करते नजर आएंगे। शलभ मणि ने देवरिया में कसया ढाले पर ओवरब्रिज बनाने तथा नया जिला अस्पताल बनाने की मांग रखी।

महाकुंभ के आयोजन की जमकर तारीफ

वहीं दूसरी ओर भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्र व राजेश त्रिपाठी ने भी अभिभाषण के समर्थन में अपनी पूरी बात भोजपुरी में रखी। दोनों ने महाकुंभ के आयोजन की जमकर तारीफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *