आगरा। प्रेमिका से झगड़ा होने के बाद युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या की पोस्ट डाल दी। कमिश्नरेट की सोशल मीडिया सेल को लखनऊ मुख्यालय से सूचना मिल गई। युवक के कोई गलत कदम उठाने से पहले पुलिस उसे ढूंढते हुए उसके घर पहुंच गई। युवक को समझाया और परिवार के साथ खुशी से रहने की हिदायत दी गई। युवक के स्वजन ने पुलिस का आभार जताया है।

कमिश्नरेट की सोशल मीडिया सेल 24 घंटे सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स आदि पर नजर रखती है।

मौके पर पहुंची पुलिस

डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि शुक्रवार रात दो बजे लखनऊ मुख्यालय से आत्महत्या की पोस्ट की सूचना मिली थी। मीडिया सेल, प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार दीक्षित ने जानकारी के निर्देश दिए। ड्यूटी पर मौजूद सिपाही अभिषेक कुमार ने पोस्ट करने वाले इंस्टाग्राम खाते की जानकारी की। खाते की लोकेशन कंबल गली थाना छत्ता की मिली। छत्ता पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची।

आरोपित के घर का दरवाजा खटखटाया। स्वजन को जानकारी दी। युवक फैजान को बुलाकर पूछताछ की गई। उसने अपनी प्रेमिका से झगड़ा होने पर पोस्ट करने की जानकारी दी। चूहा मारने की दवा खाने से पहले पुलिस के आने की बात बताई। पुलिस ने उसे समझाया। परिवार के साथ खुशी से रहने को कहा। युवक ने गलती के लिए क्षमा मांगी। उसे हिदायत देकर छोड़ दिया गया। उसके स्वजन ने बेटे की जान बचाने पर आभार जताया है।

ऐसे काम करती है सोशल मीडिया सेल

डीसीपी सिटी ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर पुलिस 24 घंटे नजर रखती है। अभद्र टिप्पणी करने,कानून व्यवस्था खराब करने के लिए की गई भ्रामक पोस्ट और अन्य गतिविधियों पर नजर रखी जाती है। कोई भी गलत पोस्ट किए जाने पर मेटा के द्वारा लखनऊ पुलिस मुख्यालय को अलर्ट मिलता है। इसके बाद संबंधित जिले की टीम सूचना के आधार पर काम करती है। थाना पुलिस को कार्रवाई के लिए तुरंत मौके पर भेजा जाता है।

लूट की सूचना पर दौड़ी पुलिस, मामला झूठा निकला

फिरोजाबाद जिले के नगला भाऊ स्थित औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लास फैक्ट्री के साइकिल सवार मुनीम से नोटों से भरे थैला की लूट होने की सूचना पर थाना दक्षिण पुलिस को शुक्रवार देर शाम कवायद करनी पड़ी। शक होने पर पुलिस ने मुनीम से पूछताछ की तो मामला झूठा निकला। ग्लास फैक्ट्री का मुनीम सुबोध कुमार निवासी ढोलपुरा ने 7.30 बजे यूपी 112 और थाना दक्षिण पुलिस को फोन कर अपने साथ लूट होने की सूचना दी। उसने फोन कर पुलिस को बताया कि वह कारोबारियों से तगादा कर 86 हजार रुपये लेकर फैक्ट्री में जमा करने जा रहा था।

सीएल जैन कालेज के पास बाइक पर मुंह बांधे आए दो बदमाशों ने तमंचे की बट मार कर थैला लूट कर भाग गए। इस सूचना पर सनसनी फैल गई। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले कुछ लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की, लेकिन सभी ने घटना होने से मना किया। इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मुनीम के मन में बेईमानी आ गई थी। इसलिए उसने झूठ बोला था। उससे पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *