कन्नौज। महिला सपा नेता के भाई के घर पथराव की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पुलिस कर्मियों ने गांव के बाहर झाड़ियों में छिपकर जान बचाई। पथराव में चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पीआरवी 112, एंबुलेंस और सपा नेता के भाई की बोलेरो भी क्षतिग्रस्त हो गई।

एसपी अमित कुमार आनंद कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि 14 ग्रामीणों की पहचान की गई है। इसमें से तीन हिरासत में हैं। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर आए लोग

नसरापुर निवासी सपा नेता रुबी राजपूत के भाई संजय राजपूत ठठिया के सिखवापुर में रहते हैं। आरोप है कि रविवार रात करीब 12 बजे गांव के ही तीन लोगों की संजय के साथ मारपीट हो गई थी। इसमें संजय को चोटें आई थीं। शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दो ट्रैक्टर-ट्राली से भरकर महिलाएं और पुरुष थाने पहुंचे।

उन्होंने हंगामा किया और ठठिया थाना प्रभारी विजय सिंह को बताया कि संजय राजपूत गांव में अवैध ढंग से शराब की बिक्री करते हैं। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कर घर भेज दिया। इधर शाम सात बजे संजय राजपूत घर पहुंचे तो फिर ग्रामीणों से विवाद हो गया। इसके बाद संजय ने यूपी 112 को फोन कर घर में ग्रामीणों के पथराव कर हमला करने की सूचना दी और एंबुलेंस भी बुला ली।

पीआरवी 112 और थाना प्रभारी विजय सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया। महिला आरक्षी किरन देवी, आरक्षी रवि और विकास घायल हो गए।

पुलिस हिरासत से पिटाई से मौत का आरोप

लखीमपुर जिले में जंगल मे लकड़ी बीनने गए युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आनन-फानन उसे लेकर निघासन सरकारी अस्पताल भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से घबराई पुलिस उसे छोड़ कर फरार हो गई।

मझगईं निवासी 36 वर्षीय रामचंद जलौनी लकड़ी लेने के लिए सोमवार सुबह घर से जंगल में लकड़ी बीनने निकला था। वह शाम तक नहीं आया तो पत्नी पूनम देवी ने उसकी तलाश कराई। जानकारी मिली कि उसे पुलिस पकड़ कर ले गई है। उससे मुलाकात का प्रयास किया तो पुलिस ने मिलने नहीं दिया।

काफी देर बाद सूचना मिली की उसका शव सरकारी अस्पताल में पड़ा है। स्वजन ने अस्पताल में शव की पहचान की। मृतक के भाई दिनेश का आरोप है कि पुलिस उसे शराब का कारोबारी समझ कर पकड़ ले गई और पिटाई कर हत्या कर दी। इसके बाद शव अस्पताल में फेंककर फरार हो गई।

एसपी गणेश प्रसाद  साहा ने कहा कि सीओ निघासन महक शर्मा को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं, जो भी सच्चाई होगी उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *