बहजोई। पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तरी भारत में इसका असर व्यापक तौर पर देखा जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्र में जमकर बर्फबारी हो रही है तो वहीं मैदानी इलाकों में भी शीतलहर के साथ ही रात में घना कोहरा जनजीवन को अस्त व्यस्त कर रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे का कहर जारी रहेगा, जिसमें संभल जिले और उसके आसपास के जिले में शीत लहर हल्की बारिश ओलावृष्टि और घने कोहरे की संभावना जताई गई है। यह संभावना अगले एक सप्ताह के मौसम के पूर्व अनुमान के आधार पर है।
भारतीय मौसम विभाग ने संभल और उसके आसपास के क्षेत्रों जैसे अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, बदायूं, बरेली, बुलंदशहर और अलीगढ़ के लिए छह से 12 जनवरी तक का विशेष पूर्वानुमान जारी किया है। सात जनवरी को संभल और आसपास के जिलों में इलाकों में शीत दिवस से अत्यंत शीत दिवस की स्थिति बन सकती है, और घने से अत्यंत घने कोहरे की संभावना है, जिससे दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह सकती है। यह स्थिति यातायात और दैनिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।
नौ जनवरी तक इन जिलों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण तापमान में भारी गिरावट हो सकती है। 10 जनवरी को संभल और आसपास के इलाकों में देर रात और सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है, जो दिन की शुरुआत में बाधा उत्पन्न कर सकता है।
11 और 12 जनवरी को इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। विशेष रूप से मुरादाबाद से सटे जैसे जिलों में इस दौरान बारिश का प्रभाव अधिक रहेगा।
मौसम विभाग ने किसानों को दी सलाह
मौसम विभाग ने ओलावृष्टि और भारी कोहरे के कारण किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी फसलों को लेकर सावधानी बरतें रखें क्योंकि ओलावृष्टि से रबी फसलों को नुकसान हो सकता है। इस दौरान छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाने के लिए विशेष ध्यान देने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने मौसम ऐप और दामिनी ऐप का उपयोग करने की सलाह दी है, जो स्थान-विशिष्ट जानकारी और बिजली गिरने की चेतावनी प्रदान करते हैं। मौसम की इन परिस्थितियों को देखते हुए नागरिकों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
जिले के आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. अच्युत यादव ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी किए गए एक सप्ताह के मौसम के पूर्वानुमान को लेकर आपदा राहत विभाग ने भी चेतावनी जारी की है, जिसमें अगले दो दिनों में घने कोहरे के अलावा शीत लहर की संभावना जताई गई है।

