देहरादून। देहरादून नगर निगम में महापौर और पार्षद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटन होने के बाद अब जहां प्रचार-प्रसार की तैयारी शुरू हो गई है, वहीं अधिकांश प्रत्याशी अपना राजनीतिक भविष्य जानने ज्योतिषाचार्य व पंडितों के पास पहुंच रहे हैं। कुर्सी की चाह में नेता जी अपनी कुंडली में राजयोग की तलाश कर रहे हैं।
पार्टी के हिसाब से ग्रह नक्षत्र की चाल दिखवा रहे हैं। पूछ रहे हैं कि कौन सा दिन प्रचार के लिए शुभ रहेगा। जनता के बीच जाएंगे तो किस रंग के कपड़े पहनें। कई प्रत्याशी पंडितों के पास फोन कर रहे हैं तो कुछ वाट्सएप से कुंडली भेजकर मार्गदर्शन मांग रहे हैं। आपको बता दें कि‍ 23 जनवरी को मतदान होना है।

पंड‍ितों के पास पहुंच रहे हैं प्रत्‍याशी

देहरादून नगर निगम की बात करें तो महापौर पद पर 10, जबकि 100 वार्डों के लिए पार्षद पद पर 385 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, उत्तराखंड क्रांति दल के अलावा कई निर्दल प्रत्याशी भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। बीते शुक्रवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटन होने के बाद अब प्रत्याशी पंडितों के पास भी पहुंच रहे हैं।

कुंडली दिखवाकर मांग रहे सलाह

कुछ प्रत्‍याशी पूजा कराने तो कई कुंडली और हाथ दिखाकर सलाह ले रहे हैं। गढ़ी कैंट स्थित नवग्रह शनि मंदिर के संचालक और ज्योतिषाचार्य आचार्य डा. सुशांत राज के अनुसार, कई राजनीतिक दलों के प्रत्याशी जिनका मैदान में उतरना निश्चित था, वे हवन, पूजा-पाठ कराने के साथ कुंडली दिखा रहे हैं।

कपड़ों के रंग के बारे में ले रहे जानकारी

धर्मपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पंडित अरुण सती ने बताया कि बड़े राजनीतिक दलों से लेकर निर्दलीय प्रत्याशी भी पूजा कराने के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। इसके अलावा कई फोन पर और कुंडली भेजकर भी जानना चाहते हैं कि उनका राजनीतिक भविष्य कैसा रहेगा। कई प्रचार के लिए कपड़ों का रंग तो कुछ ऐसे भी प्रत्याशी हैं, जो प्रचार शुरू कर जनता के बीच जाने के लिए शुभ दिन पता कर रहे हैं।

पंडि‍ज जी बोले- चुनाव में भी रंगों का महत्‍व

इसके अलावा राजपुर स्थित महाकालेश्वर मंदिर के पंडित अशोक बहुगुणा बताते हैं कि चुनाव में भी रंगों का महत्व है। किसी भी व्यक्ति के लिए कौन सा रंग शुभ होता है, लोगों के बीच जाने का दिन और समय कौन सा सही है, यह उसकी राशि व कुंडली पर निर्भर करता है। आजकल इस तरह के सवाल लेकर कई प्रत्याशी फोन कर रहे हैं। उत्तराखंड विद्वत सभा के महासचिव दिनेश भट्ट ने बताया कि चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के लिए दिन व समय, प्रचार के लिए शुरुआती समय के बारे में प्रत्याशी पूछ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed