देहरादून। उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और चटख धूप से पारे में उछाल दर्ज किया गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक अधिकतम तापमान सामान्य से छह से 10 डिग्री सेल्सियस तक अधिक पहुंच गया है। वहीं, रात का तापमान भी पहाड़ों में काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है।
नई टिहरी और मुक्तेश्वर जैसे हिल स्टेशन से भी सर्द दून और ऊधमसिंह नगर की रातें हो रही हैं। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, आज शाम से प्रदेश में कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडराने के आसार हैं। सोमवार को कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा-बर्फबारी हो सकती है। जिससे पारे में गिरावट आने की संभावना है।

रात में गिर रहा है पाला

देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। सुबह हल्की धुंध व कोहरे के कारण मैदानी क्षेत्रों में दृश्यता कम रही। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में भी रात को पाला गिर रहा है। दिनभर चटख धूप खिलने से दिन में ठंड कम हो गई है। हालांकि, सुबह-शाम ठिठुरन बरकरार है। पर्वतीय क्षेत्रों में पारे में अत्यधिक वृद्धि दर्ज की जा रही है। जिससे दिन में धूप चुभने लगी है।

नई टिहरी और मुक्तेश्वर में रात को न्यूनतम तापमान नौ से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, देहरादून और ऊधमसिंह नगर आदि मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस से कम है। हालांकि, यह भी सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।

आज से प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में आज मौसम शुष्क बना रहने के आसार हैं। शाम को कहीं-कहीं आंशिक बादल छा सकते हैं। सोमवार को प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। जिससे तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है।

34 वर्ष में पहली बार मुक्तेश्वर का पारा 22 पार

मुक्तेश्वर में चटख धूप से पारे में भारी उछाल दर्ज किया गया है। यहां अधिकतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। शनिवार को मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि बीते 34 वर्ष में जनवरी में सर्वाधिक है। इससे पहले जनवरी में मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 24 जनवरी 1990 को 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो आल टाइम रिकॉर्ड है।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

  • देहरादून, 26.4, 7.8
  • ऊधमसिंह नगर, 20.5, 8.0
  • मुक्तेश्वर, 22.1, 8.9
  • नई टिहरी, 21.0, 9.6

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *