आगरा। शहर की पॉश कालोनी जयपुर हाउस में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। पालतू कुत्ते को टहलाने निकली बच्ची पर 12 से ज्‍यादा आवारा कुत्‍तों ने हमला कर द‍िया। पालतू कुत्ते को भी पकड़ कर नोच डाला। इससे कुत्‍ता गंभीर रूप से घायल हो गया है। बच्‍ची का शोर सुनकर आए आसपास के लोगों ने आवारा कुत्‍तों से उन्‍हें क‍िसी तरह बचाया। बताया जा रहा है क‍ि घटना के बाद से बच्ची दहशत में आ गई है। घटना को याद कर थोड़ी-थोड़ी देर में रोने लगती है। शुक्रवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट पर वायरल हुआ है।
शुक्रवार को फेसबुक पर एक सीसीटीवी वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में एक बच्ची अपने पालतू श्वान को घर के बाहर घुमा रही थी। अचानक एक दर्जन से अधिक कुत्ते वहां आ गए। पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया। बच्ची ने बचाने का प्रयास किया पर कुत्ते और उग्र हो गए। बच्ची चीखती हुई कुत्ते की चेन खींचने के प्रयास में गिर गई। शोर सुनकर सही समय पर लोग पहुंच गए। किसी तरह दोनों को बचाया।

जयपुर हाउस में एडीए के पीछे नार्थ ब्लाक का है वीड‍ियो

वीडियो जयपुर हाउस में एडीए के पीछे नार्थ ब्लाक का है। पीड़िता के चाचा पुनीत कक्कड़ की एमजी रोड पर कक्कड़ ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। पुनीत ने बताया कि उनके भाई गगन न्यूजीलैंड में काम करते हैं। कुछ दिन पहले वो भाभी ईरा और 12 वर्षीय भतीजी कायना के साथ घर आए हुए हैं।

बुधवार की सुबह कुत्‍ते को घुमाने न‍ि‍कली थी बच्‍ची

बुधवार की सुबह कायना हमारे शिड्जू नस्ल के पालतू कुत्ते बन्नी को लेकर बाहर घुमाने के ल‍िए निकली थी। उसी दौरान आवारा कुत्‍तों ने हमला कर दिया था। कायना की मां ईरा ने बताया कि हादसे के बाद से बेटी दहशत में आ गई है। थोड़ी – थोड़ी देर में कमरा बंद कर रोने लग रही है।

क्षेत्र में काफी ह‍िंसक हो चुके ह‍ैं आवारा कुत्‍ते

वहीं पालतू कुत्‍ते बन्नी को डाक्टर को दिखाया है, चो गंभीर रूप से घायल हुआ है। क्षेत्र में कुछ लोग कुत्तों को खाना खिलाते हैं। कुत्ते काफी हिंसक हो चुके हैं। नगर निगम में शिकायत के बाद टीम उन्हें ले गई पर नसबंदी कर दोबारा छोड़ गई। कई बच्चों को कुत्ते काट चुके हैं। लोग बिना हाथ में डंडा लिए बाहर नहीं निकलते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *