हापुड़। उत्तर प्रदेश हापुड़ में निकाह के दौरान कुछ युवकों ने कार से जमकर स्टंटबाजी की। इस दौरान युवकों ने महिलाओं पर अश्लील फब्तियां भी कसीं।
थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला इंद्रगढ़ी में निकाह समारोह के दौरान कार से स्टंट कर महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया।

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने कार सवार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस को दिया आरोपियों का वीडियो

थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में अजीत सिंह ने बताया कि 24 दिसंबर को वह चेकिंग के लिए गुली चौराहे पर तैनात थे। इस दौरान मोहल्ला तगा सराय के शैंकी ने पुलिस को बताया कि 22 दिसंबर को चार युवक कार से स्टंट कर रहे थे।

आरोपियों ने जमकर मचाया उत्पात

दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, लापरवाही से कार चलाते हुए चारों युवक खिड़की से बाहर निकल उत्पात मचा रहे थे। इतना ही नहीं आने-जाने वाली महिलाओं व युवतियों पर अश्लील फब्तियां भी कस रहे थे। शैंकी त्यागी ने आरोपितों का वीडियो पुलिस को उपलब्ध कराया है।

वायरल वीडियो की हुई जांच

वीडियो की जांच के दौरान पता चला कि वह मोहल्ला इंद्रगढ़ी स्थित कृष्णा मैरिज होम के पास का है। इसके बाद वह मैरिज होम में पहुंचे। जहां लोगों ने बताया कि 22 दिसंबर को मोहल्ला कोटला सादात में हबीब की पुत्री हिना का निकाह समारोह चल रहा था।

निकाह समारोह में शरीक होने आए थे युवक

बताया गया कि कार से स्टंट करने वाले युवक बुलंदशहर से निकाह समारोह में शरीक होने आए थे। जिसके बाद पता चला कि कार सवार जिला बुलंदशहर के मालागढ़ का इमरान व उसके तीन अज्ञात साथी थे।

क्या बोले थाना प्रभारी

थाना देहात प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में नामजद व अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *