गजरौला। घरेलू कलह के चलते एक युवती अपनी जीवन लीला समाप्त करने के लिए ब्रजघाट में पहुंच गई। यहां पर उसने पुल से गंगा में छलांग लगा दी। युवती को गंगा में कूदता हुआ देखकर गोताखोर भी पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद युवती को बचा लिया गया। घटना का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
मामला शुक्रवार की सुबह का है। एक युवती घर पर विवाद होने के बाद ब्रजघाट में पहुंची। यहां पुल पर लगे लोहे की जाल के ऊपर चढ़कर बैठ गई। इस दौरान एक व्यक्ति चिल्लाते हुए युवती को बचाने के लिए उसके पास पहुंचा तो युवती एकदम गंगा में कूद गई। इस बीच यहां घाट पर मौजूद गोताखोर चंद्रभान, विशाल, रोशन, राजू, विनोद, कुंवरपाल, मुकेश, दीपचंद आदि ने काफी मशक्कत के बाद युवती को सकुशल बचा लिया।

मौके पर पहुंची पुल‍िस

मामले की जानकारी मिलने पर गढ़ क्षेत्र की ब्रजघाट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवती के भाई को भी मौके पर बुला लिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवती को स्वजन अपने साथ ले गए। गोताखोर दीपचंद ने बताया कि पारिवारिक विवाद होने के बाद युवती ने जीवन लीला समाप्त करने की मंशा से यह कदम उठाया था।

गजरौला में ट्रेन से कटकर गई छात्रा की जान

गजरौला। लखनऊ-दिल्ली रेलवे लाइन पर आला हजरत एक्सप्रेस की चपेट में आकर एक छात्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद छात्रा के शव की हालत क्षत-विक्षत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल शव को ट्रैक से हटा दिया गया है।

नगर के मुहल्ला अवंतिका नगर निवासी राजमिस्त्री संदीप कुमार की 16 वर्षीय पुत्री महक के नगर के शिव इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा थी। शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे वह घर से स्कूल के लिए निकली थी। इसके बाद वह रेलवे स्टेशन के माल गोदाम के पास में पहुंची और यहां पर रेलवे ट्रैक पार करते समय आला हजरत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई।

ट्रेन के चालक ने घटना का मेमो कंट्रोल रूम को दिया तो तत्काल मौके पर आरपीएफ व जीआरपी पहुंच गई। कुछ देर बाद थाना पुलिस भी आ गई। सूचना मिलने पर स्वजन को भी बुला लिया गया। घटनास्थल पर ही छात्रा का बैग आदि पड़ा मिला। शव की हालत क्षत-विक्षत हो गई।

आरपीएफ के एएसआई विजयपाल सिंह का कहना है कि ट्रेन की चपेट में आकर छात्रा की मौत हुई है। लेकिन, अभी ये कहना मुश्किल होगा कि छात्रा खुद सामने आई है या ट्रैक पार करते हुए हादसा हुआ है। जीआरपी चौकी प्रभारी राजीव नैन ने बताया कि परिवार के लोग पोस्टमार्टम करने से फिलहाल मना कर रहे हैं। उन्हें समझाया जा रहा है। परिवार के लोगों का कहना है कि वह स्कूल जाने की बात कहकर ही घर से निकली थी। किसी तरह का कोई विवाद नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *