शोरूम पर दो साल से एकाउंटेंट थे तुषार गोयल
एमजी मोटर्स शोरूम के ब्रांच हैड आदित्य बंसल का कहना है कि तुषार गोयल शोरूम पर दो साल से एकाउंटेंट के पद पर काम कर रहे थे। पूरे स्टाफ के साथ तुषार के अच्छे संबंध थे। शुक्रवार सुबह भी तुषार हाजिरी लगाने के बाद कुछ देर स्टाफ से बातचीत करने के बाद मोरटा जाने के लिए निकले। अपना बैग केबिन में छोड़कर गए।
आत्महत्या के बाद संजय की थी मोबाइल में आखिर की कॉल
तुषार के सहकर्मी अतुल के मुताबिक तुषार की सबसे आखिर में मोबाइल पर बात अन्य सहकर्मी संजय से हुई थी। यही वजह रही कि तुषार के आत्महत्या करने के बाद मोबाइल में सबसे आखिर की कॉल संजय की थी। इसलिए वीवीआइपी एड्रेसेस सोसायटी के सुरक्षाकर्मी ने संजय के मोबाइल पर काल कर पूछा कि जिस व्यक्ति ने आत्महत्या की है उसके नंबर से आपकी बात हुई है।
इसी सोसायटी में रहती हैं तुषार की बहन
संजय ने जब बताया कि यह तुषार का नंबर है और तुषार एमजी मोटर्स शोरूम पर काम करते हैं। तब सुरक्षाकर्मी ने वीडियो काल कर तुषार की पहचान कराई। इसके बाद अन्य लोगों को सूचना दी गई।
तुषार की बहन तृप्ति भी इसी सोसायटी में रहती हैं। उन्हें भी करीब आधा घंटे बाद सूचना मिली। ब्रांच हैंड आदित्य बंसल के मुताबिक उनके यहां काम करने से पहले तुषार गोयल रेना मोटर्स शोरूम पर एकाउंटेंट थे। तुषार की बहन दीप्ति गोयल ने इस संबंध में कोई भी बात करने से मना कर दिया।
आत्महत्या से पहले क्यों डिलीट कर दिया मोबाइल डाटा?
तुषार ने आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल का डाटा डिलीट कर दिया था। शनिवार को युवक के शव का अंतिम संस्कार किया गया। स्वजन से बातचीत के बाद ही पुलिस आगे जांच बढ़ा पाएगी। पटेल नगर निवासी तुषार गोयल की शव के पास पुलिस को सुसाइड नोट मिला था जिसमें कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या करने की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि स्वजन और सहकर्मियों को उसके कर्ज में फंसे होने की जानकारी नहीं है।
तुषार का मोबाइल पुलिस ने चेक किया, लेकिन उसमें सारा डाटा डिलीट मिला। पुलिस मान रही है कि मरने से पहले तुषार ने ही सारा डाटा डिलीट कर दिया होगा। सोसायटी की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने जांच के लिए ली है। पुलिस शीघ्र ही स्वजन से भी बात कर कर्ज की जानकारी लेकर जांच आगे बढ़ाएगी।

