शहर में आठ थाने हैं, एक जोन दो थाना क्षेत्रों को जोड़कर बनाया गया है। पहले जोन में बारादरी व कैंट थाना, दूसरे जोन में कोतवाली व प्रेमनगर, तीसरे जोन में सुभाष नगर व किला और चौथे जोन में इज्जतनगर व सीबीगंज थाने को रखा गया है। इन्हीं चार जोन को 32 सेक्टरों में बांटा है। यह सेक्टर उस जोन के ट्रैफिक लोड के अनुसार बांटे गए है।
इस तरह होगी ट्रैफिक पुलिस की तैनाती
पहले जोन में 11 सेक्टर बनाए गए हैं। दूसरे जोन में 10 सेक्टर, तीसरे जोन में सात और चौथे जोन में चार सेक्टरों को बनाया गया है। इस व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए भी ट्रैफिक पुलिस ने पूरी योजना बनाई है। हर जोन में एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर की ड्यूटी तैनात की गई है। यही टीआई उस जोन का जोन प्रभारी भी होगा। इसी तरह से सभी सेक्टरों में 32 टीएसआइ की ड्यूटी तैनात की गई है।
शहर में होगा सुधार
सभी टीएसआई समय-समय पर अपने-अपने सेक्टरों की रिपोर्ट जोन प्रभारी यानी टीआई को सौंपेंगे। यदि कोई समस्या है तो उससे भी अवगत कराएंगे। इसके अलावा चौराहों पर ड्यूटी में कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल और होमगार्ड की ड्यूटी लगाई जाएगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार इस व्यवस्था के बाद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा।
सभी की निगरानी को लगेंगी इंटरसेप्टर और जिप्सी
सभी प्वाइंटों पर ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी लगे हैं या फिर नहीं इसके लिए एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने दो मोबाइल यूनिट इसमें एक इंटरसेप्टर और एक जिप्सी की ड्यूटी लगाई है। इंटरसेप्टर जोन एक और दो में भ्रमण करके वहां की स्थिति देखेगी जबकि जिप्सी जोन तीन और जोन चार में भ्रमण करके वहां की स्थिति की रिपोर्ट एसपी ट्रैफिक को सौंपेंगी। जिससे यह देखा जा सके कि कौन-कौन ड्यूटी पर है और कौन नहीं।

