सहारनपुर
-भायला रोड स्थित तालाब की भूमि पर कब्जा कर काटी जा रही आवासीय कॉलोनी
-राजस्व विभाग की रिपोर्ट के बावजूद भी प्रशासन ने नहीं हटवाया कब्जा
देवबंद। संवाददाता
नगर क्षेत्र में भू माफियाओं द्वारा बड़े स्तर पर तालाब की भूमि पर कब्जा कर आवासीय कॉलोनी काट दी है। राजस्व विभाग की रिपोर्ट के बाद भी प्रशासन द्वारा माफियाओं के कब्जे से तालाब की भूमि को मुक्त नहीं कराया जा रहा है। जिसके चलते माफियाओं द्वारा तालाब का भराव करा कर बिना नक्शे के ही बड़ी बड़ी कॉलोनी काटी जा रही है।
नगर क्षेत्र के भायला रोड पर स्थित एक चर्चित भूमाफिया द्वारा करीब पांच बीघा तालाब की भूमि पर मिट्टी का भराव कराते हुए आवासीय कॉलोनी काट दी। आश्चर्य की बात यह है कि राजस्व विभाग के निरीक्षक व लेखपाल द्वारा उक्त तालाब की भूमि के संबंध में उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भी प्रेषित की थी। जिसमें तालाब की भूमि पर कब्जा हटवाने व संबंधित भू माफिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात भी स्पष्ट लिखी गई है।लेकिन कुछ भूमाफिया द्वारा अपने राजनीतिक रसूख के चलते तालाब की भूमि मिट्टी का भराव करा कर कब्जा कर लिया। अब माफिया द्वारा तालाब की भूमि की चारदीवारी कर कालोनियां काटने का कार्य भी शुरू कर दिया है। प्रशासन की नाक के नीचे सब कुछ हो जाने के बाद भी अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। गौरतलब हो कि विगत दिनों जिला स्तरीय बैठक में तत्कालीन जिला अधिकारी अखिलेश सिंह ने राजस्व विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों को भू माफियाओं पर कार्रवाई के दिशा निर्देश दिए थे। लेकिन इसके बावजूद भी देवबंद के चारों ओर सरकारी भूमि, तालाबों और खेती योग्य भूमि पर माफियाओं द्वारा गैर कानूनी तरीके से कॉलोनियां काटी जा रही है।
………
बिना आबादी के दर्ज कराए काटी जा रही है कॉलोनियां
नगर क्षेत्र में भू माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चले हैं कि वह अब सरकार व प्रशासनिक व्यवस्था को सीधी चुनौती दे रहे हैं। अपने राजनीतिक रसूख के दम पर खेती योग्य भूमि पर भी बिना धारा 80 कराई आवासीय कालोनी काटी जा रही है। नियम व कानून की जानकारी ना होने के चलते आम आदमी इन माफियाओं के मकड़जाल में फंसते जा रहे हैं।
-वर्जन
तालाब प्रकरण के बारे में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है जल्द ही इसमें ठोस कदम उठाए जाएंगे साथ ही बच्चा मरघट की भूमि को पैमाइश करा कर कबजा मुक्त किया जाएगा।
संजीव कुमार, एसडीएम, देवबंद।
प्रशांत त्यागी

