आगरा में STF–पुलिस मुठभेड़: 50 हजार का इनामी पवन कल्लू ढेर
27 फरवरी 2026 को यूपी एसटीएफ की उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (नोएडा यूनिट) और आगरा पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना एकता क्षेत्र में बदमाशों से मुठभेड़ की। मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश पवन कल्लू गंभीर रूप से घायल हुआ। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कौन था पवन कल्लू?
पुलिस के अनुसार, पवन कल्लू पुत्र संतराम निवासी सिरौली, थाना लोनी (गाजियाबाद) था। वह कमिश्नरेट आगरा के थाना ताजगंज में दर्ज रंगदारी के मुकदमे में वांछित चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस का दावा है कि वह कुख्यात रणदीप भाटी – अमित कसाना गैंग का शूटर था। उसके खिलाफ हत्या के 4, रंगदारी के 2 समेत 18 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वर्ष 2021 में हत्या के एक मामले में उस पर 1 लाख रुपये का इनाम भी घोषित रह चुका था, जिसके बाद वह दिल्ली से गिरफ्तार होकर जेल गया था।
जेल से छूटने के बाद फिर सक्रिय
सूत्रों के मुताबिक, जेल में रहने के दौरान उसका संपर्क हरियाणा के कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग से हुआ। वर्ष 2025 में जेल से छूटने के बाद उसने बड़े पैमाने पर रंगदारी मांगना शुरू कर दिया था। पुलिस के अनुसार, वह दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गैंग के साथ मिलकर बड़ी वारदातों को अंजाम देने की फिराक में था।
बरामदगी
मौके से भारी मात्रा में कारतूस और अवैध असलहे बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
#AnujTyagiPost

