मृतक रोहन राठी के परिजनों से मिले मंत्री कपिल देव, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के लिए SIT गठित करने के निर्देश
मुजफ्फरनगर, 27 सितंबर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम हरेटी के ग्राम प्रधान विवेक राठी के 20 वर्षीय पुत्र स्वर्गीय रोहन राठी के असामयिक एवं दुखद निधन पर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रविवार को शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और उनकी पीड़ा, आशंकाओं एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना। परिजनों द्वारा प्रकरण की जांच एवं कार्रवाई को लेकर अपनी बात रखे जाने पर मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि मामले में निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ प्रत्येक पहलू की जांच सुनिश्चित कराई जाएगी।
मंत्री ने एसएसपी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी लेते हुए SIT गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना से जुड़े प्रत्येक तथ्य और साक्ष्य की गहनता से जांच की जाए तथा किसी भी बिंदु को अनदेखा न किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की जाए। जांच में यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उल्लेखनीय है कि 24 सितंबर को ग्राम हरेटी के समीप एक खेत में स्वर्गीय रोहन राठी का शव बरामद हुआ था। पुलिस द्वारा मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से संबंधित वाहन, मोटरसाइकिल, अवैध हथियार एवं अन्य सामान बरामद किए जाने की जानकारी दी है।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि न्याय के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को प्रकरण की विवेचना निष्पक्ष रूप से करने तथा सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच करते हुए कानून के दायरे में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि दुख की इस कठिन घड़ी में सरकार एवं प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। परिवार को न्याय मिले, दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई हो और जांच प्रक्रिया पर पीड़ित परिवार का विश्वास कायम रहे, यह प्राथमिकता है।
#Muzaffarnagar #RohanRathi #Purqazi #KapilDevAgarwal #CrimeNews #RajsattaPost

