मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में खातों से कथित गबन व फ्रॉड को लेकर किसानों का धरना

मुजफ्फरनगर के ब्लॉक बुढ़ाना में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा बुढ़ाना पर किसानों और व्यापारियों के खातों से कथित गबन व फ्रॉड के मामले को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। धरने का नेतृत्व किसान नेता ठाकुर कुशलवीर सिंह ने किया।

धरने को संबोधित करते हुए ठाकुर कुशलवीर सिंह ने कहा कि योगी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है, इसके बावजूद सरकार द्वारा संचालित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के कर्मचारियों द्वारा किसानों के खातों से फ्रॉड की घटना निंदनीय और शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि इस घटना से किसानों को भारी नुकसान हुआ है और बैंक के प्रति उनका विश्वास भी प्रभावित हुआ है।

उन्होंने बताया कि कुछ किसानों के परिवार में लोग बीमार हैं, जबकि कुछ परिवारों में शादी का समय नजदीक है। ऐसे में खातों में जमा धनराशि प्रभावित होने के कारण जरूरतमंद उपभोक्ताओं को कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा है।

मुजफ्फरनगर अध्यक्ष मनोज सैनी ने कहा कि जरूरतमंद खाताधारकों का पैसा तत्काल प्रभाव से उनके खातों में वापस किया जाना चाहिए।

सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के आरएम (क्षेत्रीय अधिकारी) यूसुफ खान अपने सहयोगियों के साथ तथा बुढ़ाना कोतवाली के कोतवाल सुभाष अत्रि पुलिस टीम के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों की बैंक से संबंधित समस्याओं को जल्द से जल्द हल करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि किसानों का एक-एक पैसा वापस किया जाएगा तथा मामले में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। धरने की अध्यक्षता ठाकुर शीशपाल सिंह ने की, जबकि संचालन हरिओम भगत ने किया।

इस मौके पर वरिष्ठ कार्यकर्ता ठाकुर जनकपाल सिंह, मास्टर हरिराज सिंह, हरिओम भगत, चौ. प्रवीण पंवार, ठाकुर अमित कुशवाहा, ठाकुर रामनिवास, ऐजाज त्यागी, ठाकुर ईश्वर सिंह, ठाकुर मुकेश कुमार, ठाकुर सतबीर दारोगाजी, देविंदर राणा, सलीम राणा, मयंक राणा, ठाकुर योगेंदर सिंह, रवींद्र वाल्मीकि, अशोक प्रधान, डॉ. सत्तार, शराफत राणा, पप्पू राणा, विजय राणा, नूर हसन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

#Muzaffarnagar #Budhana #KisanNews #UPNews #RuralBank #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *