बेटे की मौत के बाद मां ने बहू को बेटी बनाकर कराई दूसरी शादी, देवर ने भाई बनकर किया कन्यादान

रोहित त्यागी

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में एक शादी समाज के लिए मिसाल बन गई। बेटे की मौत के करीब एक महीने बाद उसकी मां ने अपनी बहू की दूसरी शादी कराई और उसे बहू नहीं बल्कि बेटी बनाकर पूरे सम्मान के साथ घर से विदा किया। इस दौरान देवर ने भी भाई की भूमिका निभाते हुए अपनी भाभी का कन्यादान किया।

दरअसल, करीब 10 साल पहले हरिद्वार के बहादुरपुर निवासी मीनाक्षी का विवाह मुजफ्फरनगर के खतौली कस्बे के दयालपुरम निवासी रोहित के साथ हुआ था। दोनों की जिंदगी खुशहाल चल रही थी। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें सात वर्षीय बेटी रितु और करीब डेढ़ साल की बेटी अविका शामिल हैं।

परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब 14 अगस्त को कैंसर से जूझ रहे रोहित के पिता ओमपाल का निधन हो गया। पिता की मौत के सदमे के अगले ही दिन यानी 15 अगस्त को रोहित की भी मौत हो गई। एक साथ पति और ससुर को खोने के बाद परिवार में मातम छा गया।

इसके बाद रोहित की मां सुनीता ने अपनी जवान बहू मीनाक्षी के भविष्य को देखते हुए उसकी दूसरी शादी कराने का फैसला लिया। परिवार की सहमति और मीनाक्षी की रजामंदी से राजस्थान के नारायणपुर में चाट की दुकान चलाने वाले योगेश के साथ उसकी शादी तय हुई। बुधवार को आर्य समाज मंदिर में पूरे रीति-रिवाज के साथ शादी संपन्न कराई गई।

शादी के दौरान मीनाक्षी के देवर मोहित ने भाई की भूमिका निभाते हुए अपनी भाभी का कन्यादान किया। सुनीता ने अपनी बहू को बेटी की तरह विदा किया। सास और देवर का यह कदम परिवार और समाज के सामने एक अलग संदेश पेश करता नजर आया।

मीनाक्षी ने कहा कि वह यह शादी अपनी मर्जी से कर रही हैं और उन पर किसी तरह का दबाव नहीं है। उन्होंने अपनी सास और परिवार के इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी सास ने उनके लिए बहुत अच्छा किया और उन्हें बेटी की तरह घर से विदा किया।

वहीं देवर मोहित ने कहा कि भाई और पिता के निधन के बाद परिवार ने भाभी के भविष्य और बच्चों के भविष्य को देखते हुए उनकी रजामंदी से दूसरी शादी कराने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि अब वह अपनी भाभी को बहन मानकर उनका रिश्ता हमेशा निभाएंगे और भविष्य में किसी परेशानी में उनके साथ खड़े रहेंगे।

मोहित ने कहा कि इस पहल के जरिए उनका संदेश है कि यदि किसी परिवार में ऐसी परिस्थिति आती है और महिला दोबारा शादी करना चाहती है तो परिवार को उसकी इच्छा का सम्मान करना चाहिए।

मीनाक्षी की सास सुनीता ने कहा कि वह अपनी बहू को बेटी बनाकर विदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत के बाद भी मीनाक्षी की जिंदगी आगे है और उसे अपनी जिंदगी का फैसला लेने का पूरा अधिकार है। सुनीता ने कहा कि वह आगे भी मीनाक्षी से बेटी की तरह रिश्ता बनाए रखेंगी और त्योहारों पर उसे अपने घर बुलाएंगी।

इस शादी में परिवार ने रिश्तों की परंपरागत सीमाओं से आगे बढ़कर बहू के भविष्य और उसकी इच्छा को प्राथमिकता दी। यही वजह रही कि यह शादी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

BYTE:
मीनाक्षी भटनागर — बहू

मोहित कुमार — देवर

सुनीता — सास

#Muzaffarnagar #Khatauli #Marriage #SocialMessage #RajsattaPos

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed