अनिल त्यागी की अध्यक्षता में रोहाना सहकारी गन्ना विकास समिति की वार्षिक सामान्य सभा, किसानों की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
मुजफ्फरनगर। सहकारी गन्ना विकास समिति रोहाना की वार्षिक साधारण सामान्य सभा का आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष अनिल त्यागी की अध्यक्षता में आयोजित सभा में प्रबंध समिति के सभी सम्मानित डायरेक्टर, डेलीगेट, समिति के सचिव एवं डिप्टी सहित देवबंद, खाईखेड़ी, तितावी और रोहाना शुगर मिल के अधिकारीगण शामिल हुए।
सभा के दौरान किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में गन्ना सेंटरों की व्यवस्था को बेहतर बनाने, किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने तथा नए किसान भवन के निर्माण से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई।
इसके साथ ही खाद-बीज गोदाम में किसान भाइयों के लिए पीने के पानी और बैठने की उचित व्यवस्था उपलब्ध कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। किसानों को उचित रेट पर गन्ना बीज उपलब्ध कराने तथा मिल परिसर में किसानों को मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिए जाने की बात रखी गई।
सभा में किसानों की सुविधा और उनकी आवश्यकताओं से जुड़े इन मुद्दों को लेकर संबंधित मिल प्रबंधकों से उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई गई। इस पर मिल प्रबंधकों की ओर से आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर आश्वस्त किया गया।
समिति अध्यक्ष अनिल त्यागी ने सभा में सहभागिता करने वाले सभी सम्मानित डायरेक्टर, डेलीगेट, अधिकारियों एवं किसान भाइयों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़े विषयों और उनकी सुविधाओं को लेकर समिति स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाते रहेंगे।
सभा में मौजूद प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ किसानों से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर हुई चर्चा को समिति के कामकाज की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना गया। #Muzaffarnagar #Rohana #AnilTyagi #Sugarcane #Kisan #RajsattaPost

