रणवीर सिंह सैनी ने संभाला कांग्रेस का हाथ, कांग्रेस में नई पारी की शुरुआत का ऐलान
शामली। थानाभवन क्षेत्र के चर्चित पुस्तक ‘हिस्ट्री ऑफ जलालाबाद’ के लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार रणवीर सिंह सैनी कांग्रेस में अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अकबर रोड, नई दिल्ली स्थित कार्यालय में पश्चिम के प्रभारी संजीव आर्य के समक्ष कांग्रेस में सक्रियता की घोषणा की।
रणवीर सिंह सैनी जलालाबाद नगर पंचायत के वाइस चेयरमैन रह चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 1999 में उन्होंने थानाभवन विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था। पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उनका करीब 30 वर्षों का लंबा अनुभव रहा है।
बीते डेढ़ वर्ष से रणवीर सिंह सैनी थानाभवन क्षेत्र की जनता के बीच सामाजिक कार्यों और जनसेवा में सक्रिय हैं। इसी क्रम में अब उन्होंने कांग्रेस के साथ अपनी राजनीतिक सक्रियता शुरू करने की घोषणा की है।
इस अवसर पर कांग्रेस के पश्चिम के प्रभारी संजीव आर्य ने कहा कि कांग्रेस अब जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि आपसी भाईचारे को बनाए रखते हुए सामाजिक उन्नति और राष्ट्र के उत्थान के लिए कांग्रेस अपनी भूमिका ईमानदारी से निभा रही है।
वहीं रणवीर सिंह सैनी ने कहा कि राजनीति उनके लिए व्यापार नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि राजनीति में ईमानदारी को कैसे जिंदा रखा जा सकता है, इसका प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल मित्तल आदि मौजूद रहे।
#Shamli #Thanabhawan #Congress #RanveerSinghSaini #Rajniti #UPPolitics #RajsattaPost

