रोहाना कलां में 10 दिवसीय गन्ना सट्टा प्रदर्शन एवं निस्तारण मेले का शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड रोहाना कलां में बुधवार को 10 दिवसीय समिति स्तरीय गन्ना सर्वेक्षण एवं सट्टा प्रदर्शन/निस्तारण मेले का शुभारंभ समिति के सभापति अनिल त्यागी ने किया। मेले का उद्देश्य किसानों को उनके गन्ना सर्वेक्षण एवं सट्टा रिकॉर्ड की जानकारी उपलब्ध कराना तथा रिकॉर्ड में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसका निस्तारण कराना है।
उद्घाटन के अवसर पर रोहाना कलां के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अनुराग श्रीवास्तव, समिति सचिव मनोज कुमार कोंट, आई.पी.एल. रोहाना के गन्ना हेड के.पी. मलिक, गन्ना प्रबंधक संजय मलिक, देवबंद चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक विपिन त्यागी, गन्ना प्रबंधक, गन्ना पर्यवेक्षक, चीनी मिलों के फील्ड स्टाफ तथा क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।

समिति के सभापति अनिल त्यागी ने कहा कि मेले के माध्यम से किसानों को अपने गन्ना सट्टे और सर्वेक्षण संबंधी विवरण की जांच करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मेले में पहुंचकर अपने रिकॉर्ड को अवश्य जांचें और किसी भी तरह की त्रुटि होने पर समय रहते उसका समाधान कराएं।
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए सट्टा प्रदर्शन एवं निस्तारण मेले का आयोजन किया गया है। किसानों की शिकायतों और रिकॉर्ड से संबंधित समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

समिति सचिव मनोज कुमार कोंट ने कहा कि किसानों को सट्टे से संबंधित जानकारी और आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग दिया जाएगा, ताकि रिकॉर्ड में पारदर्शिता बनी रहे।
आई.पी.एल. रोहाना के गन्ना हेड के.पी. मलिक ने कहा कि किसानों को गन्ना आपूर्ति से संबंधित अपने रिकॉर्ड की जानकारी रखना जरूरी है। वहीं देवबंद चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक विपिन त्यागी ने किसानों की समस्याओं के नियमानुसार समाधान पर जोर दिया।
मेले के दौरान किसान अपने गन्ना सर्वेक्षण एवं सट्टा संबंधी विवरण की जांच कर सकेंगे। किसी प्रकार की कमी या त्रुटि पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराकर उसका निस्तारण कराया जा सकेगा।
#Sugarcane #GannaKisan #MuzaffarnagarNews #UPNews #RajsattaPost

