युवती से गैंगरेप के मामले में दो 15-15 हजार के इनामी बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के रामलीला टीला-मिमलाना रोड निवासी दलित युवती से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो 15-15 हजार रुपये के इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने जंगल में कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत घटना सामने आने के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। इस मामले में पुलिस पहले ही पांच अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि, घटना से जुड़े कुछ आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा दो आरोपियों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मंगलवार सुबह अपराध एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम पानीपत-खटीमा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मिमलाना रोड से जुड़ी घटना के दो संदिग्ध आरोपी बाइक से शामली की ओर से आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने रेलवे ओवरब्रिज के पास चेकिंग बढ़ा दी। कुछ देर बाद बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस का कहना है कि दोनों ने रुकने के बजाय बाइक को जंगल की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। वहीं दूसरा आरोपी मौके से जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद पुलिस टीम ने जंगल में कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान फिरोज पुत्र अशफाक तथा पकड़े गए दूसरे आरोपी की पहचान उस्मान पुत्र तस्लीम, दोनों निवासी खालापार, के रूप में की है। दोनों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने गैंगरेप की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं दूसरे आरोपी से पुलिस घटना और उसके अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम ने पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed