मुजफ्फरनगर में बेटियों की प्रतिभा को मिला सम्मान, 22 मेधावी छात्राओं को ₹1.25 लाख की प्रोत्साहन राशि, 5 बच्चों को लैपटॉप

मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार, कलेक्ट्रेट में मंगलवार को ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत मेधावी छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतीक चेक, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के तहत कक्षा 9 और उससे ऊपर के 5 बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक इंदु सिद्धार्थ, अल्पसंख्यक विभाग की मैत्री रस्तोगी, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह के दौरान ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत उत्तर प्रदेश राज्य बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 22 छात्राओं को कुल 1 लाख 25 हजार रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि वितरित की गई। कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को 5-5 हजार रुपये का प्रतीक चेक और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

वहीं, कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में प्रथम 11 स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी 5-5 हजार रुपये के प्रतीक चेक प्रदान किए गए। कक्षा 12 में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा को 20 हजार रुपये का प्रतीक चेक और मेडल देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इसके अलावा, महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत कक्षा 9 एवं उससे ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत 5 लाभार्थी बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत लाभान्वित दो बालिकाओं को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी पूरी लगन के साथ शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उनके आत्मविश्वास को बढ़ावा देना समाज की प्रगति के लिए बेहद जरूरी है। साथ ही मेधावी छात्राओं से अपने आसपास की अन्य बालिकाओं को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला मिशन कोऑर्डिनेटर ने बताया कि वर्ष 2011 में जनपद का बाल लिंगानुपात 863 था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर करीब 940 तक पहुंच गया है। इसे जिले में बेटियों के प्रति सोच में बदलाव और प्रशासनिक स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

समारोह में जिला मिशन कोऑर्डिनेटर, सहायक लेखाकार शुभम पाल, संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला, परीक्षा अधिकारी हेमलता, सामाजिक कार्यकर्ता पूजा देवी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

#Muzaffarnagar #BetiBachaoBetiPadhao #RajsattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *