मुजफ्फरनगर में दलित युवती से गैंगरेप के मामले में बड़ी पुलिस कार्रवाई, 15-15 हजार के दो इनामी गिरफ्तार; एक मुठभेड़ में घायल
मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के रामलीला टीला स्थित मिमलाना रोड निवासी दलित युवती से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15-15 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने जंगल में कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पूर्व में पांच आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसएसपी द्वारा 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मंगलवार सुबह एसएसपी के निर्देशन में कोतवाली नगर पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मिमलाना रोड की घटना से संबंधित दो शातिर आरोपी पानीपत-खटीमा मार्ग पर रेलवे अंडरपास के पास से आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे ओवरब्रिज के पास चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों बाइक को जंगल की ओर मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
वहीं, दूसरा आरोपी जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने तत्काल कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में घायल आरोपी की पहचान फिरोज पुत्र अशफाक और दूसरे आरोपी की पहचान उस्मान पुत्र तस्लीम के रूप में हुई। दोनों खालापार क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था और पूछताछ में दोनों ने दलित युवती से गैंगरेप की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।
घायल आरोपी फिरोज को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि पुलिस उस्मान से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने पुलिस कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar #CrimeNews

