हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार थार पलटी; चार युवकों की मौत, किशोर घायल

हापुड़। हापुड़ जनपद के सिंभावली थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि थार सवार सभी लोग बदायूं से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर सिंभावली थाना क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और कई बार पलटता हुआ सड़क पर जा गिरा। स्थानीय जानकारी के अनुसार, थार करीब 3 से 4 बार पलटी

हादसे की सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन से लोगों को बाहर निकाला। हादसे में चार युवकों की मौत हो चुकी थी, जबकि घायल 17 वर्षीय किशोर को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सिंभावली में भर्ती कराया गया।

चार युवकों की मौत

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बदायूं निवासी जोगिंदर, सुखबीर, जसवंत और रवि के रूप में हुई है। चारों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घायल किशोर का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दे दी है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय थार की गति कितनी थी और वाहन किस परिस्थिति में अनियंत्रित होकर पलटा। एक्सप्रेसवे पर लगे कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा सकती है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

#Hapur #RoadAccident #RajsattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *