कासगंज में दर्दनाक सड़क हादसा, श्रद्धालुओं से भरी मैक्स पिकअप ट्रक से टकराई; 3 की मौत, 23 घायल
कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के करौली जनपद से तीर्थ दर्शन के लिए सोरों जी आ रहे श्रद्धालुओं से भरी मैक्स पिकअप की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चों और महिलाओं समेत 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा कासगंज सदर कोतवाली क्षेत्र में मोहनपुरा के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि मैक्स पिकअप में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। वहीं घायल हुए 23 लोगों में महिलाएं और बच्चे भी बताए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सात घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया।
राजस्थान से सोरों जी दर्शन के लिए आ रहे थे श्रद्धालु
बताया गया कि श्रद्धालुओं का समूह राजस्थान के करौली जनपद से कासगंज की तीर्थ नगरी सोरों जी में दर्शन-पूजन के लिए आ रहा था। इसी दौरान मोहनपुरा के पास उनकी मैक्स पिकअप हादसे का शिकार हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएम प्रणय सिंह और एसपी ओपी सिंह समेत प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बाइट— ओपी सिंह, एसपी कासगंज
#Kasganj #RoadAccident #RajsattaPost #AnujTyagiPost

