गन्ने का मूल्य ₹ 550 प्रति क्विंटल करने की मांग, किसान स्वाभिमान संगठन ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर। किसान स्वाभिमान संगठन के ठा. अमरीश राणा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गन्ना मंत्री को ज्ञापन भेजकर गन्ने का लाभकारी मूल्य 550 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती लागत के चलते वर्तमान गन्ना मूल्य से किसानों की लागत भी पूरी नहीं हो पा रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि डीएपी, यूरिया, कीटनाशक, डीजल, बिजली और मजदूरी के दाम लगातार बढ़े हैं। संगठन के अनुसार एक बीघा गन्ने की खेती में करीब 18 से 20 हजार रुपये तक लागत आ रही है, जबकि किसान को अपनी मेहनत की मजदूरी भी पर्याप्त रूप से नहीं मिल पा रही है।
ठा. अमरीश राणा ने कहा कि गन्ने का भुगतान समय पर नहीं होने के कारण किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसका असर उनके बच्चों की शिक्षा पर भी पड़ रहा है और कई किसान उच्च शिक्षा का खर्च उठाने में असमर्थ हो रहे हैं।
ज्ञापन में चीनी मिलों द्वारा भुगतान में देरी का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने सरकार से मांग की कि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार C2 लागत के फार्मूले को लागू करते हुए गन्ने का लाभकारी मूल्य 550 रुपये प्रति क्विंटल तत्काल घोषित किया जाए।
ठा. अमरीश राणा ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उसकी मेहनत का उचित मूल्य मिलना जरूरी है। उन्होंने सरकार से किसानों की मांग पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।

