बी.पी. मंडल जयंती पर गरजे सपा नेता, 2027 में सरकार बनाने का संकल्प

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के महावीर चौक स्थित जिला कार्यालय पर मंगलवार को मंडल आयोग के अध्यक्ष रहे बाबू बिंदेश्वरी प्रसाद (बी.पी. मंडल) की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और सामाजिक न्याय, समानता तथा वंचित एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि बी.पी. मंडल ने पिछड़े, वंचित और शोषित समाज को अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। मंडल आयोग ने देश में सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता, समान अवसर और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।

जिया चौधरी ने कहा कि पीडीए को मजबूत करना ही बी.पी. मंडल के सपनों को साकार करने की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर सामाजिक न्याय की विचारधारा को मजबूत करने तथा वंचित एवं पिछड़े वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

सपा महानगर अध्यक्ष पुष्पेंद्र त्यागी ने कहा कि बी.पी. मंडल का जीवन सामाजिक समानता और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मंडल आयोग के माध्यम से सामाजिक न्याय के सवाल को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिली और आज भी उनके विचार समाजवादी विचारधारा के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम में सपा नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों एवं सामाजिक न्याय के एजेंडे को पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर जिला महासचिव कोरी सोमपाल भाटी, जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र नीटू, जिला उपाध्यक्ष पवन बंसल, जिला सचिव यशपाल चौधरी, पूर्व प्रदेश सचिव समाजवादी युवजन सभा अरशद मलिक, जिला सचिव अब्बास अली, जिला कार्यकारिणी सदस्य मीर हसन चेयरमैन, प्रदेश सचिव समाजवादी युवजन सभा सरफराज आलम बिजनौर, गगन महिव, फैसल राणा, विपिन त्यागी रेई, दीपक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बी.पी. मंडल के आदर्शों एवं विचारों पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar #SamajwadiParty

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *