कल्याणकारी इंटर कॉलेज से दीवार फांदकर बाहर निकल रहे छात्र, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, वीडियो वायरल

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के बघरा स्थित कल्याणकारी इंटर कॉलेज में छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ छात्र कॉलेज की ऊंची दीवार फांदकर बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। छात्रों की यह हरकत बेहद जोखिम भरी है और किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

बताया जा रहा है कि कुछ छात्र पढ़ाई से बचने या कॉलेज से बाहर जाने के लिए मुख्य रास्ते का इस्तेमाल करने के बजाय ऊंची दीवार फांदकर निकल रहे हैं। वायरल वीडियो में छात्रों को दीवार पर चढ़ते और दूसरी ओर उतरते हुए देखा जा सकता है। दीवार से उतरते समय यदि किसी छात्र का संतुलन बिगड़ जाए तो वह गंभीर रूप से घायल हो सकता है।

वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। सवाल यह है कि जब छात्र कॉलेज परिसर से दीवार फांदकर बाहर निकल रहे हैं तो उस समय प्रधानाचार्य और स्टाफ की नजर इस ओर क्यों नहीं है। क्या छात्रों की गतिविधियों पर पर्याप्त निगरानी रखी जा रही है?

 

अभिभावकों के लिए भी यह मामला चिंता का विषय है। वे अपने बच्चों को सुरक्षित माहौल में शिक्षा प्राप्त करने के लिए कॉलेज भेजते हैं। ऐसे में छात्रों का इस तरह जान जोखिम में डालना गंभीर चिंता का विषय है।

अब जरूरत है कि कॉलेज प्रशासन वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच करे और छात्रों को इस तरह खतरनाक तरीके से बाहर निकलने से रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करे। साथ ही छात्रों को भी इसके खतरों के प्रति जागरूक किया जाना जरूरी है, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *