शाहपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: मुठभेड़ के बाद विद्युत तार चोरी करने वाले 5 शातिर आरोपी गिरफ्तार
राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना शाहपुर पुलिस ने विद्युत तार चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से करीब 450 किलोग्राम एल्युमिनियम विद्युत तार, 150 किलोग्राम विभिन्न प्रकार का तार/केबल, दो तमंचे, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर, तीन अवैध चाकू, एक छोटा हाथी वाहन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 की रात थाना शाहपुर पुलिस गढ़ी बहादुरपुर नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम दुल्हैरा की ओर से एक छोटा हाथी वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी देकर वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से उसे गढ़ी बहादुरपुर की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया।
तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर ट्यूबवेल के पास खेत की डोल से टकराकर रुक गया। पुलिस का दावा है कि वाहन में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के तार और हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया विद्युत तार और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए। बरामदगी में 450 किलो एल्युमिनियम विद्युत तार, 150 किलो विभिन्न प्रकार के तार/केबल, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखे, तीन चाकू और प्लास-कटर आदि उपकरण शामिल हैं। घटना में इस्तेमाल किया जा रहा छोटा हाथी वाहन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
दो विद्युत चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, 5 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि ग्राम कुटबी में शिवचरण के नाम से स्थापित विद्युत कनेक्शन से करीब 260 मीटर एलटी एबीसी लाइन चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में थाना शाहपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके अलावा 16/17 अगस्त की रात ग्राम किनौनी निवासी किरण सिंह के नलकूप तक जाने वाली करीब 1700 मीटर एसीएसआर विद्युत लाइन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
पूछताछ में कई घटनाओं का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने 5 अगस्त तथा 16/17 अगस्त की रात ग्राम किनौनी क्षेत्र से विद्युत तार चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि चोरी किए गए तार को ले जाने के लिए वे मौके पर पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने मुजफ्फरनगर के आसपास के अन्य जनपदों में भी चोरी की घटनाएं करने की जानकारी दी है। इन दावों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुऐब पुत्र नसीम हैदर, निवासी गढ़ी मुझेडा थाना मीरापुर, उम्र करीब 21 वर्ष; सालिम उर्फ लीली पुत्र नसीम हैदर, निवासी चित्तौड़ा थाना जानसठ, उम्र करीब 22 वर्ष; मुशब्बिर अब्बास पुत्र मौसम अली, निवासी चित्तौड़ा थाना जानसठ, उम्र करीब 20 वर्ष; उजैर मेंहदी पुत्र नजीर अहमद, निवासी झाल चित्तौड़ा थाना जानसठ, उम्र करीब 22 वर्ष; तथा इरफान मलिक पुत्र इदरिश, निवासी पूर्वी लक्ष्मी मार्केट, थाना प्रीत विहार, दिल्ली, उम्र करीब 31 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम और अन्य धाराओं में पूर्व के मामले भी दर्ज हैं। वहीं मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में थाना शाहपुर पुलिस द्वारा अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दीपक कुमार, राहुल कुमार, आनंद कुमार सहित थाना शाहपुर पुलिस टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई को सराहनीय बताया है।

