मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश घायल; तीन गिरफ्तार, हाथ जोड़कर बोले- बाबूजी माफ कर दो
मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार देर रात स्वाति नर्सिंग होम के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान एक पिकअप गाड़ी को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उसमें सवार बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को गन्ने के खेत में कांबिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार स्वाति नर्सिंग होम के पास चौकी इंचार्ज सांझक, चौकी इंचार्ज हरसोली और बसधाड़ा चौकी इंचार्ज चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और निर्माणा गांव की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो पिकअप खेत में खड़े एक खंभे से टकरा गई।
पुलिस का कहना है कि वाहन के रुकने के बाद उसमें सवार बदमाशों ने खेत में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान हिनू उर्फ जोगिंदर निवासी वहलना और सुल्तान निवासी लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी शाहपुर भेजा गया।
वहीं, तीन अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर गन्ने के खेत में छिप गए। पुलिस ने इलाके में कांबिंग अभियान चलाकर इरशाद, मुकीम और सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, तीन चाकू, एक पिकअप गाड़ी और ट्रांसफार्मर चोरी का माल बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक बरामद पिकअप में थाना शाहपुर क्षेत्र से करीब डेढ़ माह पहले चोरी किए गए ट्रांसफार्मर का करीब डेढ़ क्विंटल कॉयल बरामद हुआ है। इस संबंध में थाना शाहपुर में पहले से मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया हिनू उर्फ जोगिंदर एक शातिर बदमाश है और गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर समेत विभिन्न जनपदों में करीब 42 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह आसपास के जनपदों में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देता था।
मुठभेड़ के दौरान घायल बदमाशों के हाथ जोड़कर पुलिस से माफी मांगने की बात भी सामने आई। बताया गया कि दोनों बदमाश पुलिस के सामने हाथ जोड़ते हुए अब ऐसी वारदात नहीं करने की बात कह रहे थे।
घटना की जानकारी देते हुए सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया था। वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हुए। तीन अन्य बदमाशों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से हथियार, पिकअप और चोरी का माल बरामद हुआ है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बाइट—गजेंद्र पाल सिंह, सीओ बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर।
#Muzaffarnagar #Shahpur #RajsattaPost #AnujTyagiPost

