घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी परमजीत को चरथावल पुलिस ने किया गिरफ्तार

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल पुलिस ने घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर और थाना प्रभारी चरथावल के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 को ग्राम हरनाकी निवासी विकास ने थाने में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि उसकी भाभी हिमानी पत्नी राकेश घर पर अकेली थीं। इसी दौरान आरोपी परमजीत कथित रूप से घर में घुसा और महिला को पकड़कर दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर होने पर मामला सामने आया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी के पिता अभय सिंह और भाई मोहित ने कट्टा-बंदूक लेकर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। तहरीर के आधार पर थाना चरथावल में मुकदमा अपराध संख्या 144/2026 दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक निक्की माहौर को सौंपी गई।

पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने नामजद आरोपी परमजीत पुत्र अभय सिंह, निवासी ग्राम हरनाकी, उम्र करीब 40 वर्ष को बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे बिरालसी चौकी से थानाभवन की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक निक्की माहौर और हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *