जनहित के मुद्दों और मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के समर्थन में विधानसभा में गरजे विधायक पंकज मलिक
लखनऊ, 4 अगस्त। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान समाजवादी पार्टी ने सोमवार को भाजपा सरकार के खिलाफ जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में प्रदेशभर के सपा विधायक शामिल रहे। मुजफ्फरनगर की चरथावल विधानसभा सीट से विधायक पंकज मलिक ने भी विरोध प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, पेपर लीक और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाया। इसके साथ ही उन्होंने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर के समर्थन में भी अपनी आवाज बुलंद की।
विधायक पंकज मलिक ने कहा कि प्रदेश की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी और लगातार हो रहे पेपर लीक जैसी गंभीर समस्याओं से परेशान है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जबकि महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इन बुनियादी मुद्दों के समाधान पर ध्यान देने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने प्रभु श्रीराम के नाम पर एकत्रित धन के उपयोग को लेकर भी सरकार से पारदर्शिता बरतने की मांग की। उनका कहना था कि इस विषय पर जनता के मन में कई सवाल हैं, जिनका जवाब सरकार को स्पष्ट रूप से देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के विधायकों ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर को बचाने की मांग भी उठाई। हाथ में तख्ती लेकर प्रदर्शन कर रहे विधायक पंकज मलिक ने कहा कि यह विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के भविष्य, उच्च शिक्षा और रोजगार की उम्मीदों का केंद्र है। सरकार को किसी भी राजनीतिक भावना से ऊपर उठकर छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों को राजनीति का माध्यम बनाने के बजाय उन्हें मजबूत और सुरक्षित किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो। समाजवादी पार्टी शिक्षा, किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता से जुड़े हर मुद्दे को विधानसभा के भीतर और बाहर पूरी मजबूती के साथ उठाती रहेगी तथा जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।
#PankajMalik #Charthawal #SamajwadiParty #RajsattaPost

